Latest news

“क्या बिलासपुर को भी ‘नकटी गांव’ बनाना चाहती है सरकार?” बापू नगर में नोटिस पर शैलेष पांडे का बड़ा हमला, बोले- गरीबों का आशियाना उजाड़ने की तैयारी

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

कांग्रेस विधायक ने ट्रिपल इंजन सरकार पर साधा निशाना, व्यापारियों के बाद अब गरीबों को बेघर करने की साजिश का लगाया आरोप, पीएम आवास योजना पर भी उठाए सवाल
बिलासपुर। बापू नगर में कथित अतिक्रमण हटाने के लिए नगर निगम द्वारा जारी किए गए नोटिस को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। बिलासपुर विधायक शैलेष पांडे ने भाजपा सरकार और नगर निगम पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि सरकार गरीबों का घर उजाड़ने की तैयारी कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि “क्या भाजपा सरकार बिलासपुर को भी नकटी गांव जैसी त्रासदी की ओर धकेलना चाहती है?”
शैलेष पांडे ने आरोप लगाया कि भाजपा की “ट्रिपल इंजन सरकार” लगातार ऐसे फैसले ले रही है, जिनका सबसे अधिक असर गरीब और मध्यम वर्ग पर पड़ रहा है। उनके मुताबिक, पहले शहर में व्यापारियों की दुकानें तोड़ी गईं, जिससे अनेक परिवारों की रोजी-रोटी प्रभावित हुई। इसके बाद बृहस्पति बाजार को हटाने की तैयारी की गई, लेकिन न्यायालय के हस्तक्षेप के कारण मामला फिलहाल रुका हुआ है। अब नगर निगम ने बापू नगर के लोगों को मकान खाली करने और तोड़फोड़ संबंधी नोटिस देकर नई चिंता पैदा कर दी है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम का यह कदम गरीब परिवारों को बेघर करने की दिशा में उठाया गया कदम प्रतीत होता है। सरकार एक ओर गरीबों को आवास उपलब्ध कराने के दावे करती है, वहीं दूसरी ओर वर्षों से बसे लोगों को उजाड़ने की कार्रवाई की जा रही है।
“प्रधानमंत्री आवास का वादा अधूरा, अब घर भी छीने जा रहे”
कांग्रेस विधायक ने प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन गरीबों को पक्का मकान देने का वादा किया गया था, वे आज भी आवास की प्रतीक्षा कर रहे हैं। इसके बावजूद सरकार विकास के नाम पर गरीबों के मौजूदा आशियाने भी छीनने की तैयारी कर रही है।
उन्होंने कहा कि समाचार पत्रों और विज्ञापनों के माध्यम से विकास का प्रचार किया जा रहा है, लेकिन जमीनी स्तर पर गरीबों को राहत नहीं मिल रही। उनके अनुसार, सरकार द्वारा बनाए गए आवासों की गुणवत्ता पर भी लगातार सवाल उठते रहे हैं और गरीबों के साथ संवेदनशील व्यवहार के बजाय उन्हें असुरक्षा की स्थिति में धकेला जा रहा है।
“नकटी गांव जैसी पुनरावृत्ति नहीं होने देंगे”
शैलेष पांडे ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नीतियां गरीब विरोधी हैं और यदि बापू नगर में मकान तोड़ने की कार्रवाई की गई तो यह नकटी गांव जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गरीबों के अधिकारों की लड़ाई लड़ेगी और किसी भी परिवार को बिना समुचित व्यवस्था के बेघर नहीं होने देगी।
उन्होंने मांग की कि नगर निगम बापू नगर में जारी कार्रवाई पर तत्काल पुनर्विचार करे, प्रभावित परिवारों से संवाद स्थापित करे और पुनर्वास की स्पष्ट व्यवस्था किए बिना किसी भी प्रकार की तोड़फोड़ न करे। इस मामले में अभी नगर निगम का पक्ष आना बाकी है।
खबर में अपडेट जारी है

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।