परिवार ऋषिकेश में, एसी उखाड़कर घर में घुसे बदमाश; लाखों की नकदी और 15-20 तोला सोना गायब
सुरक्षा गार्ड की सतर्कता से खुला राज, वीडियो कॉल पर देखा उजड़ा घर; शहर की बड़ी चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर खड़े किए सवाल
बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में चोरों ने एक बार फिर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए शहर की बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। परिवार के धार्मिक यात्रा पर बाहर होने का फायदा उठाकर अज्ञात बदमाशों ने घर के पीछे लगी विंडो एसी को उखाड़कर घर में प्रवेश किया और सीधे अलमारी तक पहुंच गए। अलमारी खोलकर उसमें रखी लाखों रुपये की नकदी, भारी मात्रा में सोने के आभूषण और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चोरी गई संपत्ति की कीमत कई लाख रुपये बताई जा रही है।
घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गणेश चौक की है, जहां निवासी रजनीश सेठ 18 जुलाई 2026 से अपने परिवार के साथ ऋषिकेश घूमने गए हुए हैं। घर की सुरक्षा के लिए प्रतिदिन रात 10 बजे से सुबह 7 बजे तक एक सुरक्षा गार्ड की ड्यूटी लगाई गई थी।
गार्ड ने देखी उखड़ी एसी, तभी खुला चोरी का राज
23 जुलाई की रात ड्यूटी के दौरान सुरक्षा गार्ड की नजर घर के पीछे लगी विंडो एसी पर पड़ी, जो अपनी जगह से निकली हुई थी। स्थिति संदिग्ध लगने पर गार्ड ने तत्काल फोन कर रजनीश सेठ को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही प्रार्थी ने अपने पुत्र और एक परिचित को घर भेजा। मौके पर पहुंचकर जांच की गई तो पता चला कि बदमाश एसी हटाकर घर के भीतर दाखिल हुए और अलमारी तक पहुंचकर चोरी को अंजाम देकर फरार हो चुके थे।
वीडियो कॉल पर देखा घर, लाखों की चोरी का अंदेशा
घटना के बाद प्रार्थी ने वीडियो कॉल के माध्यम से घर की स्थिति देखी। उन्होंने बताया कि अलमारी में लगभग 1.85 लाख से 2.35 लाख रुपये नकद, 15 से 20 तोला सोने के आभूषण तथा कुछ कीमती स्टोन (नग) रखे हुए थे। फिलहाल यह विवरण केवल अनुमान के आधार पर बताया गया है, क्योंकि प्रार्थी अभी शहर से बाहर हैं और घर का प्रत्यक्ष निरीक्षण नहीं कर सके हैं।
वास्तविक नुकसान का आंकड़ा लौटने के बाद होगा साफ
पुलिस के अनुसार चोरी गए सामान का सटीक और विस्तृत ब्यौरा प्रार्थी के बिलासपुर लौटने और घर का प्रत्यक्ष निरीक्षण करने के बाद ही सामने आएगा। आशंका है कि चोरी की वास्तविक रकम और जेवरात का मूल्य प्रारंभिक अनुमान से अधिक भी हो सकता है।
एसी बना एंट्री प्वाइंट, सीधे अलमारी तक पहुंचे चोर
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बदमाशों ने घर के पीछे लगी विंडो एसी को हटाकर प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने अलमारी की चाबी का उपयोग कर अलमारी खोली और उसमें रखी नकदी, सोने के आभूषण तथा अन्य कीमती सामान समेटकर फरार हो गए। वारदात के तरीके से यह आशंका भी जताई जा रही है कि आरोपियों ने घर की गतिविधियों की पहले से रेकी की हो सकती है।
प्रथम दृष्टया अज्ञात आरोपियों पर चोरी का मामला
पुलिस ने प्रथम दृष्टया अज्ञात आरोपी द्वारा घर में घुसकर चोरी किए जाने की आशंका के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास के साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। परिवार के वापस लौटने के बाद चोरी गए सामान का विस्तृत विवरण सामने आने पर जांच की दिशा और स्पष्ट होगी।
खबर में अपडेट जारी है…



