Latest news

Bjp का सुपर स्पेशलिटी अस्पताल पर PPP मॉडल, कांग्रेस एक्शन मोड में… बोले होगा बड़ा जनआंदोलन

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
5 Min Read

जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष विजय केशरवानी, जिलाध्यक्ष ग्रामीण महेंद्र गंगोत्री एवं शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा की संयुक्त प्रेस वार्ता बीजेपी सरकार और स्थानीय विधायक सुशांत शुक्ला पर जमकर बरसे, निजीकरण पर मांगा जवाब

₹200 करोड़ का अस्पताल, फिर PPP क्यों? सुपर स्पेशलिटी पर BJP सरकार घिरी, कांग्रेस बोली—’जनता का अस्पताल निजी हाथों में नहीं जाने देंगे
बिलासपुर में सुपर स्पेशलिटी और कैंसर अस्पताल के PPP मॉडल पर कांग्रेस का हमला, स्थानीय विधायक सुशांत शुक्ला और राज्य सरकार से मांगा जवाब; चेतावनी—जरूरत पड़ी तो होगा बड़ा जनआंदोलन
बिलासपुर। बिलासपुर के बहुप्रतीक्षित सुपर स्पेशलिटी अस्पताल को लेकर सियासत तेज हो गई है। करीब ₹200 करोड़ की लागत से बने 240 बेड के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल और 100 बेड के कैंसर अस्पताल के संचालन के लिए प्रस्तावित पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर कांग्रेस ने बीजेपी सरकार को सीधे निशाने पर लिया है। जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष विजय केशरवानी, जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री और शहर कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर सरकार और स्थानीय विधायक सुशांत शुक्ला से कई सवाल पूछे और पूरे मामले पर जवाब मांगा।

https://youtu.be/1Fv4gCq8h3A?si=AjA54zQOClXbZet3https://youtu.be/1Fv4gCq8h3A?si=AjA54zQOClXbZet3


कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जिस अस्पताल की जमीन सरकारी, भवन सरकारी और निर्माण में लगा पूरा पैसा सरकारी है, उसके संचालन के लिए आखिर निजी भागीदारी की जरूरत क्यों पड़ रही है। उनका कहना है कि जब अस्पताल जनता के टैक्स के पैसे से बनाया गया है तो उसका संचालन भी पूरी तरह सरकारी व्यवस्था के तहत होना चाहिए।

प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि 29 अक्टूबर 2024 को प्रधानमंत्री द्वारा अस्पताल का उद्घाटन किया गया था। इसके बाद मुख्यमंत्री ने भी अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया था। उस समय दावा किया गया था कि बिलासपुर संभाग के लोगों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी और गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए रायपुर, नागपुर, हैदराबाद या अन्य बड़े शहरों पर निर्भरता कम होगी। लेकिन उद्घाटन के करीब डेढ़ साल बाद भी अस्पताल पूरी क्षमता से शुरू नहीं हो सका, जिससे लोगों की उम्मीदें अधूरी रह गई हैं।
कांग्रेस ने सवाल उठाया कि यदि अब अस्पताल का संचालन PPP मॉडल पर किया जाएगा तो आम मरीजों को ऐसा कौन-सा अतिरिक्त लाभ मिलेगा, जो सरकारी व्यवस्था में उपलब्ध नहीं कराया जा सकता था। नेताओं ने कहा कि सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि निजी भागीदारी के बाद गरीब, मजदूर, किसान और मध्यम वर्ग के मरीजों के लिए मुफ्त और सुलभ इलाज की व्यवस्था किस रूप में सुनिश्चित होगी।
प्रेस वार्ता में यह मुद्दा भी उठाया गया कि अस्पताल अब तक अपनी पूरी क्षमता के साथ संचालित नहीं हो पाया है। विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता, आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं की शुरुआत और सभी विभागों के पूर्ण संचालन को लेकर भी सरकार से जवाब मांगा गया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जब अस्पताल के लिए सभी बुनियादी संसाधन पहले से उपलब्ध हैं तो फिर संचालन में लगातार देरी और अब PPP मॉडल अपनाने की आवश्यकता पर सरकार को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

कांग्रेस ने विधायक सुशांत शुक्ला को भी घेरा
संयुक्त प्रेस वार्ता में स्थानीय विधायक सुशांत शुक्ला को भी निशाने पर लिया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनता के हितों से जुड़े इस मुद्दे पर विधायक को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए और बताना चाहिए कि सरकारी धन से बने अस्पताल को निजी भागीदारी के जरिए संचालित करने की आवश्यकता क्यों महसूस की जा रही है।
बड़े जनआंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सुपर स्पेशलिटी अस्पताल जैसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्वास्थ्य संस्थान के मुद्दे पर जनता की आवाज उठाई जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने PPP मॉडल और अस्पताल के संचालन से जुड़े सवालों पर स्पष्ट जवाब नहीं दिया तो कांग्रेस इस मुद्दे को व्यापक स्तर पर उठाएगी और जरूरत पड़ने पर बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।