दीदियों का बढ़ाया हौसला, 29 अक्टूबर को भी लगेगा बिहान बाजार
बिलासपुर। बिहान की लखपति दीदियों ने जिला पंचायत परिसर में मंडप सजाया है। दिवाली पूजा के लिए जरूरी सामान बेच रहे हैं। कलेक्टर अवनीश शरण ने स्टॉल का दौरा कर उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने स्वयं अपने निवास में पूजा के लिए दीए सहित अन्य जरूरी सामान खरीदे।
जिला पंचायत परिसर में लगे बिहान बाजार में श्री अवनीश शरण ने दीदियों से दीए, दिवाली की सजावटी सामग्री,खरीदे। उन्होंने दीदियों से उत्पाद और मार्केटिंग के विषय में जानकारी भी ली और बिहान बाजार के सभी स्टालों का भ्रमण किया। कलेक्टर के साथ अन्य अधिकारियों ने भी सामग्री क्रय किए। इससे हजारों रुपए की आमदनी महिला समूहों को हुआ है। ये दुकान आज और कल 29 अक्टूबर को भी खुले रहेंगे।

महिलाओं द्वारा सजाए गए दुकानों में किफायती दर पर गुणवत्ता पूर्ण सामग्री बेची जा रही है। इस आमदनी से ही उनकी घर गृहस्थी चलती है। कलेक्टर ने शहर वासियों को लखपति दीदियों से सामान खरीद कर उनका मनोबल बढ़ाने की अपील की है। जिला पंचायत सीईओ आरपी चौहान, निगम आयुक्त अमित कुमार, अपर कलेक्टर आरए कुरुवंशी, शिव कुमार बैनर्जी ने भी दीए, मोमबत्ती, अगरबत्ती, लाई बताशा मिठाई आदि खरीदे और उनका हौसला बढ़ाया। राष्ट्रीय आजीविका मिशन द्वारा जिला पंचायत परिसर में मंडप सजाकर लखपति दीदियों को सौंपा गया है। दीदियों द्वारा लगाए गए स्टॉल में सजावटी सामान, पूजा सामग्री, दीए, रंगोली, अगरबत्ती ,मोमबत्ती,बाती, अचार, पापड़, मिठाइयां, कपड़े,लाई ,बताशा, गुजिया, फिनाइल, हर्बल साबुन, श्रृंगार सामग्री, दिवाली डेकोरेशन संबंधी सामान , खिलौनों की बिक्री की जा रही है।
दीदियों ने कलेक्टर द्वारा खरीदारी कर उत्साह वर्धन किए जाने पर खुशी जाहिर की। समूह की दीदी पद्मिनी परिकर और किरण कश्यप ने कलेक्टर का आभार जताया।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के जरिए महिलाओं को समूह से जोड़कर आजीविका गतिविधियों के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं आजीविका गतिविधियों के माध्यम से दीदियां लखपति दीदी बन रही हैं और आर्थिक सशक्तिकरण की ओर बढ़ रही हैं।
*दीपावली पर कुम्हारों से नहीं लिया जाएगा कर*
/दीपावली पर्व पर जिले के ग्रामीणों एवं कुम्हारों द्वारा लाखों की संख्या में मिट्टी के दीये बनाये जाते है। उनके द्वारा इस त्योहार पर बाजारों एवं हाटों में दीये बेचे जाते हैं। यह उनकी आजीविका का साधन है। मिट्टी के दीये पर्यावरण के लिये भी अनुकूल होते है। कलेक्टर श्री अवनीश शरण ने आज आदेश जारी कर मिट्टी के दीये बेचने वाले इन ग्रामीणों और कुम्हारों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसका पूरा ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। जारी आदेश में कहा गया है कि नगर पालिका अथवा नगर पंचायत क्षेत्र में इनसे किसी भी प्रकार की कर वसूली न की जाये। आदेश में यह भी कहा गया है कि मिट्टी के दीये पर्यावरण की दृष्टि से उपयुक्त होने के कारण इनके उपयोग के लिए लोगों को प्रोत्साहित भी किया जाए।