बिलासपुर। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों और नए युवा मतदाताओं के पंजीयन के लिए बिलासपुर जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत 21 अक्टूबर तक स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिला निर्वाचन कार्यालय ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
अभियान के तहत पहली बार मतदान के पात्र बने युवाओं के साथ उन नागरिकों के पंजीयन पर भी जोर दिया जाएगा, जिनके नाम अब तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाए हैं। इसके अलावा मतदाता सूची से नाम हटाए गए व्यक्तियों के पंजीयन पर भी ध्यान दिया जाएगा। इसके लिए कक्षा 9वीं से 12वीं तक के स्कूलों सहित सभी उच्च शैक्षणिक संस्थानों में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
बीएलओ करेंगे घर-घर संपर्क
मतदाता सूची के निरंतर अद्यतनीकरण के तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर पात्र नागरिकों की जानकारी जुटाएंगे और पंजीयन की प्रक्रिया में सहयोग करेंगे। वहीं, स्कूलों और उच्च शैक्षणिक संस्थानों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के माध्यम से पात्र युवा मतदाताओं को पंजीयन के लिए प्रेरित किया जाएगा। जिला निर्वाचन कार्यालय ने शिक्षा एवं उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारियों को सभी शैक्षणिक संस्थानों में शिविर आयोजित कराने और उनकी निर्धारित तिथियों की जानकारी तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
ऑनलाइन आवेदन की भी सुविधा
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए पात्र नागरिक ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं। इसके लिए निर्वाचन आयोग के ईसीआईनेट मोबाइल ऐप या voters.eci.gov.in वेबसाइट के माध्यम से फॉर्म-6 भरकर आवेदन किया जा सकता है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने नागरिकों से अभियान का लाभ उठाने और अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने की अपील की है। निर्वाचन कार्यालय ने नागरिकों की सक्रिय भागीदारी को जरूरी बताते हुए कहा है कि प्रत्येक पात्र मतदाता का पंजीयन सुनिश्चित करने से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उसकी भागीदारी का रास्ता आसान होगा।



