Latest news

रायपुर के ट्रैफिक समाधान अब जनता और युवाओं के हाथ: हैकाथॉन में मांगे जा रहे शॉर्ट, मिड और लॉन्ग टर्म आइडिया

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
11 Min Read


बाजार, पार्किंग, सड़क सुरक्षा से लेकर AI-आधारित ट्रैफिक मैनेजमेंट तक पर होंगे समाधान; 17 सितंबर तक रजिस्ट्रेशन, 27 सितंबर को फाइनल प्रेजेंटेशन
रायपुर। शहर की बढ़ती यातायात चुनौतियों का समाधान अब केवल पुलिस और प्रशासन तक सीमित नहीं रहेगा। रायपुर ट्रैफिक कमिश्नरेट ने शहर के व्यापारियों, उद्योगों, परिवहन क्षेत्र, विशेषज्ञों, विद्यार्थियों, स्टार्टअप्स, एनजीओ और आम नागरिकों को एक मंच पर लाकर ट्रैफिक समस्याओं के व्यावहारिक समाधान तलाशने की पहल की है। इसके लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट, राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) रायपुर और द इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया), छत्तीसगढ़ राज्य केंद्र (IEI) के सहयोग से “रायपुर ट्रैफिक हैकाथॉन-2026” आयोजित किया जा रहा है।
हैकाथॉन की थीम “Our City | Our Roads | Our Ideas” रखी गई है। इसका उद्देश्य रायपुर की यातायात समस्याओं के लिए शॉर्ट टर्म, मिड टर्म और लॉन्ग टर्म समाधान तैयार करना है, ताकि तत्काल राहत से लेकर भविष्य की सुरक्षित, सुगम, व्यवस्थित और स्मार्ट यातायात व्यवस्था तक की योजना बनाई जा सके।
इसी क्रम में 19 अगस्त को सिविल लाइन स्थित सभागार में रायपुर शहर की यातायात व्यवस्था से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा ने ट्रैफिक हैकाथॉन-2026 की रूपरेखा, उद्देश्य, सहभागिता और प्रमुख विषयों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
पुलिस कमिश्नर ने कहा- जमीनी अनुभव वाले लोग दें समाधान
पुलिस कमिश्नर रायपुर डॉ. संजीव शुक्ला ने विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों से ट्रैफिक हैकाथॉन में सक्रिय सहभागिता करने और अपने अनुभव एवं सुझाव साझा करने का आह्वान किया।
उन्होंने “Our City | Our Roads | Our Ideas” की अवधारणा के अनुरूप शहर की यातायात समस्याओं के लिए शॉर्ट टर्म, मिड टर्म और लॉन्ग टर्म समाधान प्रस्तुत करने कहा।
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन के साथ-साथ व्यापारिक संगठन, सार्वजनिक परिवहन से जुड़े लोग, उद्योग, विशेषज्ञ और नागरिक भी महत्वपूर्ण भागीदार हैं। रोजमर्रा की जमीनी समस्याओं को प्रत्यक्ष देखने वाले विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों के सुझाव यातायात के प्रभावी और व्यावहारिक समाधान तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
बैठक में व्यापार, उद्योग, परिवहन और सामाजिक संगठनों की भागीदारी
बैठक में रायपुर शहर के विभिन्न व्यापारिक, औद्योगिक, सामाजिक एवं परिवहन संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
प्रमुख रूप से—
अमर परवानी — अध्यक्ष, कैट एवं रायपुर ऑटो डीलर्स एसोसिएशन तथा अन्य पदाधिकारी
सतीश थोरानी — अध्यक्ष, चेंबर ऑफ कॉमर्स तथा अन्य पदाधिकारी
दिनेश देवांगन — अध्यक्ष, बार एसोसिएशन तथा अन्य पदाधिकारी
हरम भगतानी — अध्यक्ष, सर्राफा एसोसिएशन तथा अन्य पदाधिकारी
सुभाष बजाज — अध्यक्ष, जवाहर बाजार व्यापारी संघ तथा अन्य पदाधिकारी
मृणाल गोलछा — अध्यक्ष, क्रेडाई तथा अन्य पदाधिकारी
सरल मोदी — अध्यक्ष, पंडरी कपड़ा मार्केट व्यवसायी संघ तथा अन्य पदाधिकारी
तरल मोदी — प्रतिनिधि, उरला इंडस्ट्रीज एसोसिएशन तथा अन्य पदाधिकारी
अनिल पुसद्कर — अध्यक्ष, बस ओनर्स एसोसिएशन तथा अन्य पदाधिकारी
अश्विन गर्ग — प्रतिनिधि, उरला इंडस्ट्रीज एसोसिएशन तथा अन्य पदाधिकारी
कुलदीप सोलंकी — अध्यक्ष, आईएमए
इसके अलावा यातायात विभाग से सहायक पुलिस आयुक्त श्रीमती स्नेहिल साहू एवं श्री सतीश ठाकुर सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
पार्किंग से मालवाहक वाहनों तक, जमीनी समस्याओं पर चर्चा
बैठक में विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने अपने दैनिक अनुभवों के आधार पर शहर की यातायात व्यवस्था से जुड़े कई जमीनी मुद्दे सामने रखे।
इस दौरान बाजार क्षेत्रों में यातायात का दबाव, पार्किंग की समस्या, मालवाहक वाहनों की आवाजाही, सार्वजनिक परिवहन, सड़क सुरक्षा, प्रमुख मार्गों पर यातायात नियंत्रण और बाजार क्षेत्रों में बेहतर ट्रैफिक मैनेजमेंट जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
प्रतिनिधियों ने ट्रैफिक हैकाथॉन के माध्यम से व्यावहारिक सुझाव मांगने की पहल की सराहना भी की।
हैकाथॉन में 6 प्रमुख विषयों पर मांगे जाएंगे समाधान
ट्रैफिक हैकाथॉन-2026 में प्रतिभागियों को रायपुर कमिश्नरेट क्षेत्र की यातायात समस्याओं के व्यावहारिक और तकनीकी समाधान प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
1. यातायात इंजीनियरिंग एवं प्रबंधन
सड़क नेटवर्क, यातायात प्रवाह और ट्रैफिक मैनेजमेंट को बेहतर बनाने से जुड़े समाधान।
2. पार्किंग प्रबंधन
बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नए मॉडल और तकनीकी समाधान।
3. सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियंत्रण
दुर्घटनाओं को कम करने, यातायात नियंत्रण और सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा से जुड़े समाधान।
4. सार्वजनिक परिवहन एवं मोबिलिटी
सार्वजनिक परिवहन को बेहतर, सुविधाजनक और प्रभावी बनाने के साथ मोबिलिटी से जुड़े समाधान।
5. स्मार्ट ट्रैफिक, तकनीक एवं डेटा आधारित यातायात प्रबंधन
तकनीक, डेटा, AI और IoT जैसे आधुनिक माध्यमों का उपयोग कर ट्रैफिक व्यवस्था को स्मार्ट बनाने के समाधान।
6. नवाचार आधारित अन्य यातायात समाधान
ऐसे नए और रचनात्मक विचार, जो रायपुर की मौजूदा यातायात समस्याओं का प्रभावी समाधान दे सकें।
Open for All: छात्र से स्टार्टअप तक सभी के लिए मौका
ट्रैफिक हैकाथॉन-2026 को Open for All रखा गया है। इसमें—
विद्यार्थी
सिविल इंजीनियर्स
अर्बन प्लानर्स
प्रोफेशनल्स
स्टार्टअप्स
एनजीओ
रायपुर के जागरूक नागरिक
अन्य इच्छुक व्यक्ति या टीम
भाग ले सकते हैं।
प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तुत समाधान रायपुर कमिश्नरेट क्षेत्र की यातायात व्यवस्था से संबंधित होना आवश्यक है। प्रतिभागी अपनी रुचि और विशेषज्ञता के अनुसार एक या एक से अधिक विषयों में हिस्सा ले सकते हैं। प्रत्येक विषय के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अलग पंजीयन एवं सबमिशन किया जाना है।
महत्वपूर्ण तारीखें
कार्यक्रमतारीखरजिस्ट्रेशन प्रारंभ17 अगस्त 2026रजिस्ट्रेशन एवं फॉर्म भरने की अंतिम तिथि17 सितंबर 2026फाइनल प्रेजेंटेशन27 सितंबर 2026, रायपुर
कॉलेज में छात्राओं को समझाए ट्रैफिक नियम, हैकाथॉन में भाग लेने किया प्रेरित
इसी अभियान के तहत दूधाधारी बजरंग महिला महाविद्यालय, कालीबाड़ी रायपुर में यातायात जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें ट्रैफिक हैकाथॉन में नवाचार और सहभागिता के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा ने छात्राओं को संबोधित किया और रायपुर ट्रैफिक हैकाथॉन-2026 की अवधारणा, उद्देश्य एवं रूपरेखा की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा NIT रायपुर और द इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया), छत्तीसगढ़ राज्य केंद्र (IEI) के सहयोग से आयोजित यह हैकाथॉन नागरिकों की रचनात्मक सोच, तकनीकी क्षमता और नवाचार को शहर की यातायात समस्याओं के व्यावहारिक समाधान से जोड़ने की पहल है।
उन्होंने छात्राओं से “Our City | Our Roads | Our Ideas” की भावना के साथ अपने शहर की यातायात समस्याओं को समझने और उनके सुरक्षित, सुगम एवं स्मार्ट समाधान के लिए अभिनव सुझाव देने का आह्वान किया।
AI और IoT से लेकर नॉन-मोटराइज्ड ट्रांसपोर्ट तक समाधान का मौका
डीसीपी ट्रैफिक ने बताया कि हैकाथॉन में यातायात इंजीनियरिंग एवं प्रबंधन, पार्किंग प्रबंधन, सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियंत्रण, सार्वजनिक परिवहन एकीकरण, गैर-मोटर चालित परिवहन तथा यातायात प्रबंधन में AI/IoT के समावेश जैसे विषयों पर प्रतिभागी अपने समाधान प्रस्तुत कर सकते हैं।
इससे छात्राओं को केवल यातायात नियमों की जानकारी ही नहीं मिलेगी, बल्कि वे शहर की वास्तविक समस्याओं पर तकनीकी एवं नवाचार आधारित समाधान सोचने के लिए भी प्रेरित होंगी।
3E फॉर्मूले से समझाई सड़क सुरक्षा
कार्यक्रम में एसीपी ट्रैफिक श्रीमती स्नेहिल साहू ने यातायात सुरक्षा के 3E—Education, Engineering और Enforcement के आधार पर छात्राओं को जागरूक किया।
Education
यातायात नियमों के प्रति जन-जागरूकता और प्रशिक्षण।
Engineering
सुरक्षित सड़क अधोसंरचना, ब्लैक स्पॉट में सुधार, उचित साइन बोर्ड, स्पीड ब्रेकर और बेहतर यातायात सिग्नल व्यवस्था।
Enforcement
यातायात नियमों का प्रभावी पालन और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई।
हेलमेट से पैदल यात्री सुरक्षा तक दिए गए जरूरी संदेश
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने, नशे में वाहन नहीं चलाने और पैदल यात्रियों की सुरक्षा सहित विभिन्न यातायात नियमों की जानकारी दी गई।
छात्राओं को बताया- कैसे होगी हैकाथॉन में चयन प्रक्रिया
डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा ने छात्राओं को अधिक से अधिक संख्या में ट्रैफिक हैकाथॉन में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि यह प्रतियोगिता सभी के लिए खुली है और विद्यार्थी, सिविल इंजीनियर, अर्बन प्लानर, प्रोफेशनल्स, स्टार्टअप्स, एनजीओ तथा जागरूक नागरिक इसमें भाग ले सकते हैं।
प्रतिभागी एक या एक से अधिक विषयों में हिस्सा ले सकते हैं। प्रत्येक विषय के लिए पृथक पंजीयन और सबमिशन किया जाना है।
17 अगस्त से 17 सितंबर 2026 तक पंजीयन एवं सबमिशन की अवधि निर्धारित है। इसके बाद 27 सितंबर 2026 को रायपुर में फाइनल प्रेजेंटेशन आयोजित किया जाएगा।
चयन प्रक्रिया में विशेषज्ञ टीम प्राप्त प्रस्तुतियों का मूल्यांकन करेगी। प्रत्येक विषय से श्रेष्ठ प्रतिभागियों का चयन कर उन्हें अंतिम चरण में पहुंचने का अवसर दिया जाएगा। अंतिम चरण में विशेषज्ञों के समक्ष प्रत्यक्ष प्रस्तुति के आधार पर विजेताओं का चयन किया जाएगा।
हर विषय के विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र
हैकाथॉन के प्रत्येक विषय के विजेताओं को रायपुर कमिश्नरेट की ओर से आकर्षक पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। विजेताओं के लिए अलग से पुरस्कार वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
250 छात्राओं ने लिया हिस्सा
दूधाधारी बजरंग महिला महाविद्यालय में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में प्राचार्य, शिक्षकगण, करीब 250 छात्राएं और यातायात पुलिस का स्टाफ उपस्थित रहा।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को केवल यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करना नहीं, बल्कि उन्हें सड़क सुरक्षा के जागरूक नागरिक और रायपुर की यातायात व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव के सहभागी बनाना भी रहा।
रायपुर की सड़कें, रायपुर के आइडिया
रायपुर ट्रैफिक कमिश्नरेट ने शहर के नागरिकों, विद्यार्थियों, विशेषज्ञों, व्यापारिक संगठनों, स्टार्टअप्स और विभिन्न संस्थाओं से “Our City | Our Roads | Our Ideas” की भावना के साथ ट्रैफिक हैकाथॉन-2026 में शामिल होने की अपील की है।
कमिश्नरेट का लक्ष्य है कि रायपुर की यातायात समस्याओं के समाधान शहर के लोगों, विशेषज्ञों और व्यापारिक संगठनों की सहभागिता से विकसित हों, जिससे शॉर्ट टर्म में तत्काल राहत, मिड टर्म में प्रभावी सुधार और लॉन्ग टर्म में सुरक्षित, सुगम एवं स्मार्ट यातायात व्यवस्था विकसित की जा सके।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।