Latest news

बाईपास बना ‘लूट का गलियारा’, बिलासपुर पुलिस ने खोला पूरा नेटवर्क—47 मोबाइल, 3 बाइक और चाकुओं के साथ गिरोह बेनकाब

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
20 Min Read

बिलासपुर में पुलिस का अपराधियों पर शिकंजा, झपटमारी से लेकर लूट, चाकूबाजी और चोरी तक कई मामलों में ताबड़तोड़ कार्रवाई
तारबाहर में घर में घुसकर मारपीट करने वाले दंपती गिरफ्तार, चाकू लेकर घूम रहा बदमाश पकड़ा गया; सरकंडा में लूट गिरोह के 7 आरोपी गिरफ्तार, 47 मोबाइल और 3 बाइक बरामद
बिलासपुर। शहर में अपराध और असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में लगातार कार्रवाई करते हुए कई मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तारबाहर पुलिस ने घर में घुसकर पड़ोसी से मारपीट करने वाले निगरानी बदमाश और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। इसी थाना क्षेत्र में रात्रि गश्त के दौरान धारदार बटनदार चाकू लेकर घूम रहे एक युवक को पकड़ा गया। उधर सरकंडा पुलिस ने सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी फरार है।
तोरवा पुलिस ने भी संदिग्ध गतिविधियों और आदतन बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए 2 आदतन बदमाशों सहित 3 महिलाओं को गिरफ्तार कर सिटी मजिस्ट्रेट न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया। इसके अलावा रेलवे स्टेशन क्षेत्र में राहगीरों को चाकू दिखाकर डराने वाले एक युवक को भी धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया गया।
इन कार्रवाइयों में सबसे बड़ी सफलता सरकंडा पुलिस को सेंदरी-मोपका और बैमा-नगोई बाईपास मार्ग पर राहगीरों से चाकू और बेल्ट से मारपीट कर लूटपाट करने वाले गिरोह के खिलाफ मिली है। पुलिस ने एक अपचारी बालक सहित 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर 47 मोबाइल फोन, 3 मोटरसाइकिल, 3 धारदार चाकू, बेल्ट और नगद समेत लूट का सामान बरामद किया है।
1. तारबाहर: घर में घुसकर महिला से मारपीट, पति को धमकाया; आरोपी दंपती गिरफ्तार
शराब के नशे में पड़ोसी के घर पहुंचा निगरानी बदमाश, पत्नी के साथ मिलकर की मारपीट
बिलासपुर। तारबाहर थाना पुलिस ने घर में घुसकर महिला से मारपीट करने और उसके पति को जान से मारने की धमकी देने के मामले में निगरानी बदमाश और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मामले में अपराध क्रमांक 288/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 351(3), 115(2), 118(1), 333, 226, 329(4), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
शराब के नशे में घर पहुंचा किशन
प्रार्थिया ने थाना तारबाहर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 18 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 2.30 बजे वह अपने घर में अकेली थी। उसका पति काम से गांधी चौक गया हुआ था। इसी दौरान पड़ोसी किशन आडिल शराब के नशे में उसके घर पहुंचा और अश्लील गाली-गलौज करने लगा।
प्रार्थिया के अनुसार किशन ने उसका गला हाथ से दबाया और एक हाथ को मरोड़ दिया। इसके बाद वह किसी तरह घर से बाहर निकली और घटना की जानकारी फोन के माध्यम से अपने पति को दी।
कुछ देर बाद उसका पति घर पहुंचा और किशन आडिल से उसके घर आकर गाली-गलौज करने का कारण पूछा। इस पर किशन ने कथित तौर पर उसके पति को भी अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्के से मारपीट शुरू कर दी।
बीच-बचाव करने पहुंची पत्नी से भी मारपीट
प्रार्थिया ने बताया कि जब वह अपने पति को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंची, तभी किशन आडिल की पत्नी रानी आडिल भी मौके पर आ गई। दोनों ने कथित तौर पर प्रार्थिया और उसके पति के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्के से मारपीट की।
रिपोर्ट के आधार पर थाना तारबाहर में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई
आरोपी के कृत्य को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मामले की जानकारी पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भापुसे) को दी। उनके द्वारा तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
निर्देश के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर बिलासपुर श्री पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सिटी कोतवाली श्री गगन कुमार (भापुसे) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रविशंकर तिवारी के नेतृत्व में टीम गठित कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल के पास पहुंची और घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
आरोपी
किशन आडिल, पति स्व. दिलीप आडिल, उम्र 28 वर्ष, निवासी गुरु घासीदास मंदिर के पास, तारबाहर, बिलासपुर
रानी आडिल, पति किशन आडिल, उम्र 21 वर्ष, निवासी गुरु घासीदास मंदिर के पास, तारबाहर, बिलासपुर
कार्रवाई में इनकी भूमिका
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक रामनरेश यादव, आरक्षक नुरूल कादिर, आरक्षक राजेश श्रीवास, आरक्षक रूपलाल चंद्रा और आरक्षक भागीरथी गेदले का सराहनीय योगदान रहा।
2. तारबाहर: रात्रि गश्त में चाकूबाज गिरफ्तार, जेब से मिला धारदार बटनदार चाकू
पुलिस पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई, आरोपी के खिलाफ कई थानों में दर्ज हैं आपराधिक मामले
बिलासपुर। तारबाहर पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान एक युवक को धारदार बटनदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक नग स्टील का धारदार बटनदार चाकू जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई थानों में आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
मामले में अपराध क्रमांक 293/2026 के तहत धारा 25 आर्म्स एक्ट में कार्रवाई की गई है।
बंगला यार्ड पानी टंकी के पास चाकू लेकर खड़ा था युवक
पुलिस के अनुसार पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भापुसे) ने क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग करने और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के साथ अवैध रूप से चाकू रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
इन्हीं निर्देशों के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सिटी कोतवाली श्री गगन कुमार (भापुसे) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रविशंकर तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम पेट्रोलिंग ड्यूटी पर रवाना हुई थी।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बंगला यार्ड पानी टंकी के पास तारबाहर में एक व्यक्ति धारदार बटनदार चाकू लेकर खड़ा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
पेंट की जेब से बरामद हुआ चाकू
तलाशी लेने पर आरोपी की पेंट की जेब से एक नग धारदार स्टील का बटनदार चाकू मिला। पुलिस ने चाकू जब्त कर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की और उसे न्यायिक रिमांड के लिए पेश किया जा रहा है।
आरोपी
अरमान खान, पिता फिरोज खान, उम्र 20 वर्ष, निवासी रविदास चौक के पास करबला, थाना कोतवाली, जिला बिलासपुर।
पुलिस टीम
कार्रवाई में उपनिरीक्षक रामनरेश यादव, प्रधान आरक्षक जय सिंह धुर्वे, आरक्षक महेंद्र सोनकर, आरक्षक राजेश श्रीवास और आरक्षक नुरूल कादिर का सराहनीय योगदान रहा।
3. मोपका: सूने मकान का ताला तोड़कर 85 हजार की चोरी, एक आरोपी गिरफ्तार
घर के बाहर खड़े होकर आने-जाने वालों पर नजर रखता था आरोपी, मुख्य आरोपी फरार; चोरी का माल अभी बरामद नहीं
बिलासपुर। मोपका चौकी पुलिस ने सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। मामले का मुख्य आरोपी अभी फरार है और चोरी किए गए सामान की बरामदगी शेष है।
मामले में अपराध क्रमांक 878/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 331(3), 305(ए) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
सूने घर को बनाया निशाना
मामले की रिपोर्ट 12 जून 2026 को प्रार्थिया रिंकी सेन, निवासी रामकृष्ण नगर मोपका ने चौकी मोपका में दर्ज कराई थी।
प्रार्थिया ने बताया था कि 10 जून 2026 की दरम्यानी रात उसके सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोर अंदर घुसा और सोने-चांदी के जेवर तथा नगदी रकम सहित कुल करीब 85 हजार रुपए का सामान चोरी कर ले गया।
रिपोर्ट पर अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना पर संदेही पकड़ा
विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मोहित ध्रुव को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर प्रार्थिया के सूने मकान में ताला तोड़कर चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस के अनुसार मोहित ने बताया कि वारदात के दौरान मुख्य आरोपी ने उसे घर के बाहर खड़ा कर आने-जाने वालों पर नजर रखने का काम दिया था। इसके बदले उसे 15 हजार रुपए नगद दिए गए थे।
आरोपी ने बताया कि इसमें से 14 हजार रुपए खर्च कर चुका है।
1000 रुपए नकद जब्त
अपराध में संलिप्तता के सबूत मिलने पर पुलिस ने 18 अगस्त 2026 को मोहित ध्रुव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। उसके कब्जे से 1000 रुपए नगद जब्त किए गए हैं।
मामले का मुख्य आरोपी अभी फरार है। चोरी के अन्य मसरूका की बरामदगी भी शेष है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
मोहित ध्रुव, पिता पुनीत, उम्र 20 वर्ष, निवासी भाटापारा मोपका, थाना सरकंडा, बिलासपुर।
4. तोरवा: रात में संदिग्ध हालत में मिले दो आदतन बदमाश और 3 महिलाएं जेल भेजे गए
रितेश के खिलाफ 8 और धीरज के खिलाफ 2 आपराधिक प्रकरण दर्ज, पुलिस ने की प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
बिलासपुर। तोरवा पुलिस ने रात के समय संदिग्ध गतिविधियों में घूम रहे असामाजिक तत्वों और आदतन बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2 आदतन बदमाशों सहित 3 महिलाओं के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस ने सभी को सिटी मजिस्ट्रेट न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 18 अगस्त 2026 की दरमियानी रात तोरवा पुलिस पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि कुछ लोग संदिग्ध आपराधिक घटना की मंशा से घूम रहे हैं।
सूचना पर पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों पुरुष गोलमोल जवाब देने लगे। पुलिस ने उनके नाम-पते की जानकारी लेकर रिकॉर्ड खंगाला।
रिकॉर्ड जांचने पर पता चला कि रितेश पांडेय के खिलाफ कुल 8 अपराध पंजीबद्ध हैं, जबकि धीरज रजक के खिलाफ 2 प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस ने दोनों आदतन बदमाशों के साथ मौजूद 3 महिलाओं के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।
सभी को सिटी मजिस्ट्रेट न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार/कार्रवाई किए गए आरोपी
रितेश पांडेय, पिता भोला प्रसाद पांडेय, उम्र 33 वर्ष, निवासी मुनीबाबा गली, जबड़ापारा, सरकंडा
धीरज रजक, पिता संजय रजक, उम्र 23 वर्ष, निवासी डीएलएस कॉलेज के पीछे, बगदाई मंदिर के पास, सरकंडा, बिलासपुर
तीन महिलाएं
5. तोरवा: रेलवे स्टेशन के पास राहगीरों को चाकू दिखाकर डरा रहा था युवक, गिरफ्तार
पेट्रोलिंग के दौरान मिली सूचना पर घेराबंदी, धारदार चाकू जब्त; आर्म्स एक्ट में कार्रवाई
बिलासपुर। तोरवा पुलिस ने रेलवे स्टेशन क्षेत्र में राहगीरों को धारदार चाकू दिखाकर डराने-धमकाने वाले युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक नग लोहे का धारदार चाकू बरामद किया गया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मामले में अपराध क्रमांक 451/2026 के तहत धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट में कार्रवाई की गई है।
हाथ में चाकू लेकर राहगीरों को डरा रहा था
तोरवा पुलिस के अनुसार 19 अगस्त 2026 को पेट्रोलिंग के दौरान सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन सुलभ के पास एक व्यक्ति हाथ में चाकू लेकर आने-जाने वाले राहगीरों को चाकू दिखाकर डरा-धमका रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तस्दीक की और घेराबंदी करते हुए युवक को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी की पहचान विकास वैष्णव के रूप में हुई।
पुलिस ने चाकू को जब्त कर आरोपी के खिलाफ विधिवत आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की और उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
आरोपी
विकास वैष्णव, पिता उमाशंकर वैष्णव, उम्र 19 वर्ष, निवासी अशोक नगर, मुरुमखदान, सरकंडा, बिलासपुर।
6. सरकंडा: बाईपास पर राहगीरों से चाकू-बेल्ट से मारपीट कर लूटपाट करने वाला गिरोह पकड़ा गया
एक अपचारी बालक समेत 7 आरोपी गिरफ्तार, 47 मोबाइल, 3 बाइक, 3 चाकू, बेल्ट और दस्तावेज बरामद
बिलासपुर। सेंदरी-मोपका और बैमा-नगोई बाईपास मार्ग पर लगातार राहगीरों को निशाना बनाकर चाकू और बेल्ट से मारपीट कर लूटपाट करने वाले गिरोह का सरकंडा पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक विधि से संघर्षरत बालक सहित 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे और उनके बताए स्थानों से 47 नग एंड्रॉइड/स्मार्ट मोबाइल फोन, 3 नग मोटरसाइकिल, 3 नग धारदार चाकू, मारपीट में इस्तेमाल बेल्ट, कॉलेज बैग, पासबुक, एटीएम कार्ड, अन्य दस्तावेज और नगद रकम बरामद की गई है।
आरोपी अनिश सूर्यवंशी उर्फ जादू के कब्जे से धारदार चाकू बरामद होने पर प्रकरण में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।
लगातार हो रही लूट की घटनाओं के बाद जांच तेज
पुलिस के अनुसार मोपका-सेंदरी बाईपास रोड पर लगातार लूटपाट की घटनाएं सामने आ रही थीं। इन घटनाओं पर अंकुश लगाने और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को सक्रिय किया गया।
इस कार्रवाई में पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा श्री तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य तथा मोपका चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक ओमप्रकाश कुर्रे के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की।
पहली वारदात: बैमा-नगोई बाईपास पर बेल्ट से मारपीट, मोबाइल और बैग लूटा
प्रार्थी टिकेश्वर मिश्रा, निवासी नगोई ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 16 अगस्त 2026 की रात करीब 11 बजे वह बैमा-नगोई बाईपास रोड से गुजर रहा था।
इसी दौरान लाल-काले रंग की बिना नंबर की पैशन प्रो मोटरसाइकिल पर सवार 4 अज्ञात युवकों ने उसे रोका और बेल्ट से मारपीट की।
आरोपियों ने उसके पास से सैमसंग 5जी मोबाइल और बैग लूट लिया। बैग में एटीएम, पासबुक, रेनकोट सहित अन्य सामान था। इस वारदात में लूटे गए सामान की कुल कीमत करीब 20,500 रुपए बताई गई।
दूसरी और तीसरी वारदात: चाकू दिखाकर दो राहगीरों से लूट
उसी शाम/रात आरोपियों ने सेंदरी-मोपका बाईपास पर दो अन्य राहगीरों को निशाना बनाया।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने अभिनव शास्त्री और नितेश यादव को चाकू दिखाकर उनके मोबाइल फोन और कागजात लूट लिए।
अभिनव शास्त्री से लूटे गए सामान की कीमत करीब 11 हजार रुपए, जबकि नितेश यादव से लूटे गए सामान की कीमत करीब 40 हजार रुपए बताई गई।
चौथी वारदात: मंदिर जा रहे युवक को रोककर लूट
11 अगस्त 2026 को प्रार्थी हिमांशु सिंह, निवासी उसलापुर, नगोई मंदिर जाने के लिए निकला था। इसी दौरान 3 अज्ञात व्यक्तियों ने उसे रास्ते में रोक लिया।
आरोपियों ने उससे 2 मोबाइल फोन, नगद रकम और अन्य सामान लूट लिया।
लगातार सामने आई इन वारदातों के बाद सरकंडा पुलिस ने मामले की जांच तेज की और संदिग्धों की तलाश शुरू की।
एक-एक कर सामने आए गिरोह के सदस्य
जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसके आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ा।
पूछताछ और जांच के दौरान बाईपास मार्ग पर हुई अलग-अलग लूट की घटनाओं में उनकी भूमिका सामने आई। पुलिस ने एक विधि से संघर्षरत बालक सहित कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पूरी सूची
1. एक विधि से संघर्षरत बालक
2. चन्द्रभान साहू उर्फ नानू, पिता पुष्पराज साहू, उम्र 18 वर्ष 4 माह, निवासी बहतराई अटल चौक, थाना सरकंडा, जिला बिलासपुर।
3. अनिश सूर्यवंशी उर्फ जादू, पिता बाबूलाल सूर्यवंशी, उम्र 20 वर्ष, निवासी बहतराई अटल चौक, थाना सरकंडा, जिला बिलासपुर।
4. अजय कुमार लोहार उर्फ जय उर्फ महेश विश्वकर्मा, पिता स्व. संजय विश्वकर्मा, उम्र 22 वर्ष, निवासी बहतराई, थाना सरकंडा, जिला बिलासपुर।
5. करन सारथी, पिता कलेश्वर सारथी, उम्र 20 वर्ष, निवासी बहतराई भूकंप अटल आवास, थाना सरकंडा, जिला बिलासपुर।
6. जानवीर सूर्यवंशी उर्फ जानी, पिता राजू सूर्यवंशी, उम्र 18 वर्ष 8 माह, निवासी बहतराई अटल चौक, थाना सरकंडा, जिला बिलासपुर।
7. लक्की विश्वकर्मा, पिता संतोष विश्वकर्मा, उम्र 18 वर्ष 8 माह, निवासी बहतराई अटल चौक, थाना सरकंडा, जिला बिलासपुर।
8. आदिल अहमद, पिता रहिस अहमद, उम्र 29 वर्ष, निवासी डबरी पारा, थाना सिविल लाइन, जिला बिलासपुर।
47 मोबाइल, 3 बाइक और हथियार बरामद
सरकंडा पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट और वारदात में इस्तेमाल किए गए सामान की बरामदगी की है।
बरामद सामान
47 नग एंड्रॉइड/स्मार्ट मोबाइल फोन
3 नग मोटरसाइकिल
3 नग धारदार चाकू
मारपीट में इस्तेमाल बेल्ट
कॉलेज बैग
पासबुक
एटीएम कार्ड
अन्य दस्तावेज
नगद रकम
आरोपी अनिश सूर्यवंशी उर्फ जादू के कब्जे से धारदार चाकू बरामद होने के बाद उसके खिलाफ दर्ज प्रकरण में आर्म्स एक्ट की धाराएं जोड़ी गई हैं।
गिरफ्तार किए गए अपचारी बालक सहित सभी आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय के आदेशानुसार अपचारी बालक को बाल संप्रेक्षण गृह तथा अन्य आरोपियों को केंद्रीय जेल बिलासपुर दाखिल किया गया।
कार्रवाई में इनकी रही विशेष भूमिका
पूरी कार्रवाई में निरीक्षक प्रदीप आर्य, उपनिरीक्षक ओमप्रकाश कुर्रे, सहायक उपनिरीक्षक मानिक लाल लहरे, प्रधान आरक्षक बलबीर सिंह, मोहन मुरली राठौर, रविन्द्र मिश्रा, आरक्षक संजीव जांगड़े और विवेक राय की विशेष भूमिका रही।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।