Latest news

छत्तीसगढ़ की बेटी रूपकुमारी चौधरी को राष्ट्रीय जिम्मेदारी, BJP महिला मोर्चा की कमान; प्रदेश संगठन में जश्न

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
7 Min Read

महासमुंद सांसद बनीं भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष, जमीनी राजनीति से राष्ट्रीय नेतृत्व तक पहुंचीं; छत्तीसगढ़ की महिला कार्यकर्ताओं में उत्साह
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने अपने राष्ट्रीय संगठन में नई जिम्मेदारियों का ऐलान करते हुए छत्तीसगढ़ को बड़ा राजनीतिक प्रतिनिधित्व दिया है। महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की भाजपा सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी को भाजपा महिला मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा राष्ट्रीय टीम की नई कार्यकारिणी की घोषणा के साथ सामने आई इस नियुक्ति को छत्तीसगढ़ भाजपा के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है।

रूपकुमारी चौधरी को राष्ट्रीय स्तर पर इतनी अहम जिम्मेदारी मिलने के बाद छत्तीसगढ़ भाजपा महिला मोर्चा में उत्साह का माहौल है। प्रदेश महिला मोर्चा की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नियुक्ति का स्वागत करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
प्रदेश महिला मोर्चा का कहना है कि छत्तीसगढ़ की महिला नेता को राष्ट्रीय स्तर पर संगठन की कमान मिलना प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। लंबे समय से संगठन में सक्रियता, महिला कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद और राजनीतिक एवं संगठनात्मक अनुभव का लाभ अब देशभर में भाजपा महिला मोर्चा को मिलेगा।
जिला पंचायत से संसद और अब राष्ट्रीय संगठन की कमान
रूपकुमारी चौधरी का राजनीतिक सफर जमीनी स्तर से शुरू हुआ। उन्होंने वर्ष 2005 से जिला पंचायत स्तर पर सक्रिय राजनीतिक भूमिका निभाई। इसके बाद महासमुंद जिला भाजपा महिला मोर्चा में महामंत्री की जिम्मेदारी संभाली।
उनका संगठनात्मक सफर आगे बढ़ा और वर्ष 2013 में पहली बार बसना विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुईं। छत्तीसगढ़ शासन में उन्होंने संसदीय सचिव के रूप में भी जिम्मेदारी संभाली। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने महासमुंद लोकसभा सीट से जीत दर्ज कर संसद में प्रवेश किया।
अब राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में भाजपा महिला मोर्चा की जिम्मेदारी मिलना उनके राजनीतिक सफर का एक और बड़ा पड़ाव है।
महिला संगठन में लंबे अनुभव को राष्ट्रीय स्तर पर आजमाने का मौका
भाजपा महिला मोर्चा में लंबे समय तक सक्रिय रहने के कारण रूपकुमारी चौधरी की पहचान संगठन के जमीनी कामकाज से जुड़ी महिला नेता के रूप में बनी है। प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा का कहना है कि महिला कार्यकर्ताओं के बीच उनकी सक्रियता और संगठनात्मक अनुभव राष्ट्रीय स्तर पर महिला मोर्चा को मजबूती देने में उपयोगी साबित होगा।
प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष विभा अवस्थी ने कहा कि श्रीमती चौधरी ने संगठनात्मक गतिविधियों में लगातार सक्रिय रहते हुए महिलाओं को पार्टी की विचारधारा और जनसेवा से जोड़ने का कार्य किया है। उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से देशभर की महिला कार्यकर्ताओं को संगठित करने और महिला मोर्चा के कार्यक्रमों को नई गति देने में मदद मिलेगी।
मोदी सरकार के महिला सशक्तीकरण अभियानों को बूथ तक पहुंचाने पर जोर
प्रदेश महिला मोर्चा की मीडिया प्रभारी प्रियंका गिरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तीकरण को लेकर चलाए जा रहे अभियानों को बूथ स्तर तक पहुंचाने तथा महिलाओं की राजनीतिक और सामाजिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में रूपकुमारी चौधरी की नई जिम्मेदारी महत्वपूर्ण होगी।
महिला मोर्चा का मानना है कि राष्ट्रीय नेतृत्व में उनकी भूमिका से महिलाओं से जुड़े मुद्दों को संगठनात्मक स्तर पर और प्रभावी तरीके से उठाने तथा महिला कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने को गति मिलेगी।
छत्तीसगढ़ की महिला कार्यकर्ताओं में उत्साह
नियुक्ति की जानकारी सामने आने के बाद प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया। प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी सहित प्रदेश और जिला स्तर की पदाधिकारियों ने रूपकुमारी चौधरी को बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटी को भाजपा महिला मोर्चा के राष्ट्रीय नेतृत्व की जिम्मेदारी मिलना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है।
हालिया प्रदेश स्तरीय महिला मोर्चा के कार्यक्रमों में भी रूपकुमारी चौधरी, विभा अवस्थी और महिला मोर्चा की अन्य पदाधिकारियों की सक्रिय भागीदारी सामने आती रही है। ऐसे में राष्ट्रीय संगठन में यह जिम्मेदारी मिलने को प्रदेश के महिला संगठन के लिए भी महत्वपूर्ण राजनीतिक उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
बूथ से राष्ट्रीय मंच तक पहुंचने वाली महिला कार्यकर्ताओं के लिए संदेश
भाजपा महिला मोर्चा ने कहा कि रूपकुमारी चौधरी की नियुक्ति केवल एक राजनीतिक पद नहीं, बल्कि संगठन के लिए जमीनी स्तर पर काम कर रही महिला कार्यकर्ताओं के लिए भी प्रेरणा का विषय है। पार्टी के बूथ और मंडल स्तर पर लंबे समय से संगठन को मजबूत करने में जुटी महिला कार्यकर्ताओं के लिए यह संदेश है कि संगठनात्मक सक्रियता और जमीनी जुड़ाव के जरिए राष्ट्रीय स्तर तक जिम्मेदारी हासिल की जा सकती है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में अब सामने होंगी बड़ी संगठनात्मक चुनौतियां
राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में रूपकुमारी चौधरी के सामने देशभर में महिला मोर्चा के संगठन को और मजबूत करने, महिला कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय करने, महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने और पार्टी के महिला केंद्रित अभियानों को व्यापक स्तर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी होगी।
प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा ने विश्वास जताया है कि उनके अनुभव और नेतृत्व में भाजपा महिला मोर्चा नई ऊर्जा, नई दिशा और नए विस्तार के साथ आगे बढ़ेगा।
‘छत्तीसगढ़ की आवाज अब राष्ट्रीय संगठन में और मजबूती से पहुंचेगी’
प्रदेश महिला मोर्चा की ओर से रूपकुमारी चौधरी को राष्ट्रीय अध्यक्ष की नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गई हैं। महिला मोर्चा पदाधिकारियों ने उनके सफल कार्यकाल की कामना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की आवाज अब भाजपा के राष्ट्रीय संगठन में और मजबूती से पहुंचेगी।
जिला पंचायत सदस्य से लेकर महिला मोर्चा के संगठनात्मक दायित्व, विधायक, संसदीय सचिव, लोकसभा सांसद और अब भाजपा महिला मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तक का सफर रूपकुमारी चौधरी के राजनीतिक जीवन में एक महत्वपूर्ण नया अध्याय जोड़ता है।
प्रियंका गिरी, मीडिया प्रभारी, भाजपा महिला मोर्चा छत्तीसगढ़

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।