Latest news

तिरंगे की शान, शहीदों का सम्मान और नशामुक्ति का संकल्प, बिलासपुर में गरिमा के साथ मना 80वां स्वतंत्रता दिवस

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
5 Min Read


केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने पुलिस परेड ग्राउंड में किया ध्वजारोहण, 13 प्लाटूनों ने दिखाया शौर्य; नक्सल हिंसा में शहीद जवानों के परिजनों का सम्मान, उत्कृष्ट कार्य करने वाले 50 अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित
बिलासपुर, 15 अगस्त 2026। देश की आजादी का 80वां स्वतंत्रता दिवस बिलासपुर में देशभक्ति, गौरव और उत्साह के माहौल में मनाया गया। पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास राज्यमंत्री तोखन साहू ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। तिरंगा फहराते ही पूरा परिसर राष्ट्रगान की धुन से गूंज उठा। इसके बाद 13 प्लाटूनों ने अनुशासन, शौर्य और देशभक्ति से ओतप्रोत भव्य परेड का प्रदर्शन किया।


समारोह में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, पाठ्य पुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पांडे, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष ललिता संतोष कश्यप, संभागायुक्त सुनील जैन, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह और सीसीएफ मनोज पांडे सहित जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का संदेश पढ़ा
ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के बाद केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का प्रदेश की जनता के नाम संदेश पढ़कर सुनाया। उन्होंने मुख्यमंत्री की ओर से प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। संदेश में प्रदेश के विकास, जनकल्याण और सरकार की ओर से किए जा रहे विभिन्न प्रयासों का उल्लेख किया गया।
तिरंगा शपथ के साथ नशे के खिलाफ संकल्प
समारोह में राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी दिया गया। केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने उपस्थित लोगों को तिरंगा शपथ दिलाई। इसके बाद ब्रह्मकुमारी दीदी ने उपस्थित जनसमुदाय को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। लोगों ने देश के प्रति अपने कर्तव्यों का पालन करने, राष्ट्र की एकता-अखंडता को मजबूत करने और नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।
नक्सल हिंसा में शहीद जवानों के परिवारों का सम्मान
स्वतंत्रता दिवस समारोह में नक्सल हिंसा में शहीद हुए जवानों के परिजनों को केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने सम्मानित किया। वीर जवानों के परिजनों के सम्मान का यह क्षण समारोह का सबसे भावुक और गौरवपूर्ण पल रहा। उपस्थित लोगों ने देश की सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों को नमन किया।


उत्कृष्ट काम करने वाले 50 अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित
शासकीय कार्यों और अपने दायित्वों का उत्कृष्ट निर्वहन करने वाले विभिन्न विभागों के 50 अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मान मिलने से कर्मचारियों का उत्साह बढ़ा।
13 प्लाटूनों का शानदार परेड प्रदर्शन
स्वतंत्रता दिवस समारोह का प्रमुख आकर्षण परेड रही। पूर्ण वेशभूषा में सजे 13 प्लाटूनों ने परेड कमांडर भूपेन्द्र गुप्ता के नेतृत्व में राष्ट्रगान की धुन पर सलामी दी। प्लाटूनों ने अनुशासन, कदमताल और शौर्य का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों में देशभक्ति का जोश भर दिया।


महिला प्लाटूनों ने सीनियर वर्ग में मारी बाजी
परेड प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में जिला पुलिस बल महिला ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि नगर सेना महिला ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
वहीं जूनियर वर्ग में एनसीसी जूनियर डिवीजन बिलासपुर ने प्रथम, एनसीसी सीनियर गर्ल्स ने द्वितीय और एनसीसी सीनियर बॉयज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
देशभक्ति के रंग में रंगा सांस्कृतिक मंच
समारोह में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।
सांस्कृतिक प्रतियोगिता में महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला ने प्रथम, एलसीआईटी बोदरी ने द्वितीय और दिल्ली पब्लिक स्कूल ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं नेशनल कॉन्वेंट स्कूल और पद्माक्षी स्कूल को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
कार्यक्रम में सुश्री कनक साहू ने वंदे मातरम् का मनभावन गायन प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति ने समारोह में देशभक्ति का जोश और बढ़ा दिया।


प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
समारोह में नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, दीपक सिंह, हर्षिता पांडे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन सौरभ सक्सेना और मुकुल शर्मा ने किया। पूरे समारोह के दौरान पुलिस परेड ग्राउंड देशभक्ति के नारों, तिरंगे की शान और राष्ट्रप्रेम के उत्साह से सराबोर रहा।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।