Latest news

कोरबा में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, विधायक अमर अग्रवाल ने किया ध्वजारोहण

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
5 Min Read

मुख्यमंत्री के संदेश का किया वाचन, नक्सल उन्मूलन से लेकर कृषि, महिला सशक्तिकरण, रोजगार और एआई मिशन तक उपलब्धियां गिनाईं

कोरबा, 15 अगस्त। छत्तीसगढ़ का 80वां स्वतंत्रता दिवस जिला मुख्यालय कोरबा में हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। मुख्य समारोह में वरिष्ठ विधायक एवं पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और भव्य परेड की सलामी ली। इसके बाद उन्होंने प्रदेशवासियों के नाम मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के संदेश का वाचन किया।

समारोह में विधायक अमर अग्रवाल ने प्रदेश और देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों और वीर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्र की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपने संकल्प को और मजबूत करने की प्रेरणा देता है। विकसित और समृद्ध छत्तीसगढ़ के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में किए जा रहे विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों की भी सराहना की।

नक्सलवाद के खात्मे का संकल्प पूरा होने की घोषणा

मुख्यमंत्री के संदेश में प्रदेश की उपलब्धियों और भविष्य की विकास योजनाओं को प्रमुखता से सामने रखा गया। बस्तर में वामपंथी उग्रवाद और नक्सलवाद के खात्मे के संकल्प को पूरा होने की घोषणा की गई। ‘नियद नेल्ला नार 2.0’ और ‘बस्तर मुन्ने अभियान’ के तहत बस्तर संभाग में 31 योजनाओं और 14 सामुदायिक सुविधाओं के शत-प्रतिशत सेचुरेशन पर जोर दिया गया है। बंद स्कूलों को फिर से शुरू करने के साथ ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी के निर्माण की भी बात कही गई।

किसानों को 3,100 रुपए क्विंटल की दर से धान का मूल्य

कृषि क्षेत्र में छत्तीसगढ़ के किसानों को देश में सर्वाधिक 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान का मूल्य भुगतान किए जाने की जानकारी दी गई। फसल विविधता को बढ़ावा देने के लिए धान की जगह दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी और रागी की खेती करने वाले किसानों को 15 हजार रुपए की आदान सहायता देने का निर्णय लिया गया है। सिंचाई सुविधा विस्तार के लिए सिकासार-कोडार नहर लिंकिंग परियोजना को 3,047 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है।

70 लाख महिलाओं को 19,444 करोड़ रुपए

महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख महिलाओं के खातों में अब तक 19,444 करोड़ रुपए की राशि भेजे जाने की जानकारी दी गई। राज्य में 13 लाख 85 हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कुल 24 लाख 50 हजार आवास स्वीकृत किए गए हैं। योजना के तहत प्रतिदिन औसतन 1,600 नए घर बनाए जा रहे हैं।

500 करोड़ का एआई मिशन, 100 एआई डेटा लैब बनेंगे

युवाओं को रोजगार, स्टार्टअप और नवाचार से जोड़ने के लिए 100 करोड़ रुपए का स्टार्टअप फंड बनाया गया है। भविष्य की तकनीकी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए 500 करोड़ रुपए के छत्तीसगढ़ राज्य एआई मिशन को मंजूरी दी गई है। इसके तहत 100 एआई डेटा लैब और 5 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए जाएंगे।

चार साल की सेवा पूरी करने वाले छत्तीसगढ़ के अग्निवीरों को पुलिस आरक्षक, वनरक्षक और जेल प्रहरी की सीधी भर्ती में 10 प्रतिशत आरक्षण देने की घोषणा भी मुख्यमंत्री के संदेश में की गई। इसी सत्र से गीदम, कुनकुरी, जांजगीर-चांपा, मनेंद्रगढ़ और कवर्धा में 5 नए मेडिकल कॉलेज शुरू किए जा रहे हैं।

ज्ञानेश्वरी यादव को डीएसपी पद पर पदोन्नति

खेल के क्षेत्र में ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों की रजत पदक विजेता छत्तीसगढ़ की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव को डीएसपी के पद पर पदोन्नत करने तथा 30 लाख रुपए की सम्मान राशि देने की घोषणा की गई।

संस्कृति के क्षेत्र में लोकगायिका स्वर्गीय डॉ. तीजन बाई की स्मृति में ‘डॉ. तीजन बाई लोककला अलंकरण’ शुरू किए जाने और छत्तीसगढ़ी सिनेमा के विकास के लिए ‘चित्रोत्पला फिल्म सिटी’ के निर्माण की जानकारी भी दी गई।

जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल

स्वतंत्रता दिवस समारोह में भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी, कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, नगर पालिक निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय सहित जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली बच्चे, युवा और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। पूरे समारोह में देशभक्ति का माहौल रहा और लोगों ने उत्साह के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।