Latest news

तिरंगे की आन-बान-शान का संदेश लेकर तिफरा में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, 701 राखियों से जवानों को सौंपा रक्षा सूत्र

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

बिलासपुर। स्वतंत्रता दिवस के एक दिन पहले शुक्रवार को तिफरा स्थित सेजेस विद्यालय में देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम आयोजित किया गया। हर घर तिरंगा अभियान के तहत विद्यालय परिसर से ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा लेकर स्कूल के बच्चे और शिक्षक भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के नारों से तिफरा को गुंजाते हुए आगे बढ़े। इस दौरान बच्चों को तिरंगे की आन, बान और शान के महत्व के साथ-साथ देश की आजादी के लिए वीर सपूतों द्वारा दिए गए बलिदान की जानकारी दी गई।
तिरंगा यात्रा ने तिफरा स्कूल मैदान से देशभक्ति का माहौल बना दिया। यात्रा में बच्चे भारत माता, वीरांगना झांसी की रानी लक्ष्मीबाई और छत्तीसगढ़ महतारी सहित विभिन्न देशभक्ति व राष्ट्रीय भावनाओं से जुड़ी वेशभूषा में नजर आए। बच्चों ने लगातार देशभक्ति के नारे लगाए और लोगों को हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने का संदेश दिया। शिक्षकों ने बच्चों को बताया कि आजादी हासिल करने के लिए देशवासियों ने लंबे संघर्ष और बलिदान दिए हैं तथा तिरंगा देश की एकता, स्वतंत्रता और गौरव का प्रतीक है।
701 राखियों से जवानों को सौंपा रक्षा सूत्र
कार्यक्रम के दौरान ऑपरेशन सिपाही रक्षा सूत्र 0.4 के तहत जवानों के सम्मान में विशेष समारोह भी आयोजित किया गया। अभियान के लिए विद्यालय की शिक्षिकाओं और बालिकाओं के प्रयास से तैयार की गई 701 राखियां भूतपूर्व सैनिक अध्यक्ष श्री महेंद्र प्रताप सिंह राणा को ससम्मान सौंपी गईं, ताकि इन्हें देश की रक्षा में तैनात जवानों तक पहुंचाया जा सके।
रक्षा सूत्र सौंपने के दौरान विद्यालय परिसर देशभक्ति गीतों से गूंज उठा। बालिकाओं और शिक्षकों ने जवानों के सम्मान में आरती की तथा पुष्पवर्षा कर रक्षा सूत्र अभियान के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। पूरे समारोह में देश के सैनिकों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और राष्ट्रप्रेम का भाव दिखाई दिया।
कार्यक्रम में बच्चों को यह संदेश भी दिया गया कि सीमा पर तैनात सैनिक देश की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित करते हैं। ऐसे में राखी के माध्यम से उनके प्रति भाई-बहन के स्नेह और सम्मान की भावना व्यक्त करना समाज की जिम्मेदारी है।
शिक्षकों और स्टाफ ने निभाई अहम भूमिका
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के बच्चों और शिक्षकों का विशेष सहयोग रहा। प्राचार्य डा. विश्वनाथ कश्यप के साथ रजनीगंधा बेहार, जय कौशिक, सविता त्रिवेदी, इंदु शर्मा, भाग्यश्री मंगरूलकर, रंजना जायसवाल, कृष्ण कुमार तिवारी, अरुणा नर्मदा, सुमन जायसवाल, बबीता सिंह, मधुलिका त्रिपाठी, किरण गुलहरे, रेणुका तिवारी, ज्योति सूर्या, लिपी वर्मा और मोहन पटनायक ने आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई।
इसके अलावा प्रधानपाठक मिडिल निलिमा बग्गा, प्रधानपाठक प्राथमिक विश्वास शर्मा, विनोद अहिरवार, बसंती कैवर्त, परविन, हिमांशु पुनवा, निखिल कौशिक, प्रियम दुबे, सरस्वती उपाध्याय, अजीम बेग और कृष्ण कुमार साहू सहित विद्यालय के समस्त मिडिल एवं प्राथमिक स्टाफ की उपस्थिति और सहयोग रहा।
तिरंगा यात्रा और रक्षा सूत्र समारोह के माध्यम से विद्यालय परिवार ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों में देशप्रेम, राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देश की रक्षा करने वाले सैनिकों के प्रति कृतज्ञता की भावना विकसित करने का संदेश दिया। समारोह के समापन तक विद्यालय परिसर भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के नारों से गूंजता रहा।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।