Latest news

मॉर्निंग वॉक पर निकला दंपती, पीछे से पड़ोसी घर में घुसे और तोड़ दिया ताला; 24 घंटे में चोरी का खुलासा

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

बिलासपुर। सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम खम्हरिया में घर का ताला तोड़कर लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवर चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। खास बात यह है कि दोनों आरोपी पीड़ित के मकान के आसपास ही रहते थे और उन्हें परिवार के मॉर्निंग वॉक पर जाने के समय की जानकारी थी। इसी का फायदा उठाकर दोनों घर में घुसे और आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए।
सीपत पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर ग्राम खम्हरिया निवासी आदित्य कुमार लहरे (22) और जावेद अली (25) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने चोरी करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर चोरी गए 222.39 ग्राम सोने के जेवर और 239.37 ग्राम चांदी के जेवर, यानी शत-प्रतिशत मशरूका बरामद कर लिया गया। वारदात में ताला तोड़ने के लिए इस्तेमाल लोहे की रॉड भी जब्त की गई है।
मॉर्निंग वॉक पर गया था दंपती, पीछे से तोड़ा ताला
पुलिस के मुताबिक ग्राम खम्हरिया निवासी सुंदर लाल मैत्री ने 11 अगस्त की सुबह करीब 5.10 बजे पत्नी के साथ मॉर्निंग वॉक के लिए सोंठी रोड की ओर जाने की बात बताई। करीब 6 बजे दोनों वापस लौटे तो घर के सामने का ताला टूटा मिला, जबकि पीछे का दरवाजा खुला था। अंदर जाकर देखा तो आलमारी का लॉकर भी टूटा हुआ था और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर गायब थे।
चोरी गए सामान में सोने का रानी हार, हार का एक सेट, तीन सोने की चूड़ियां, अंगूठी, दो सोने की चेन, दो जोड़ी कान के टॉप्स, सोने की माला, छह नग गेहूं दाना गला हुआ, दो जोड़ी झुमके समेत चांदी की पायल, बिछिया और सिक्के शामिल थे।
आसपास रहने के कारण जानते थे परिवार की दिनचर्या
घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। बिलासपुर से फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों और बीट आरक्षकों से मिली जानकारी के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की गई।
जांच में आदित्य लहरे और जावेद अली पर संदेह हुआ। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार दोनों ने बताया कि पीड़ित का मकान उनके मकान के आसपास होने के कारण वे परिवार की गतिविधियों से परिचित थे। उन्होंने परिवार के मॉर्निंग वॉक पर जाने के समय की रेकी की थी।
पीछे के दरवाजे से घुसे, निर्माणाधीन मकान में छिपाए जेवर
पुलिस के अनुसार 11 अगस्त की सुबह जैसे ही सुंदर लाल मैत्री और उनकी पत्नी मॉर्निंग वॉक के लिए निकले, दोनों आरोपी घर के पीछे के दरवाजे से अंदर घुसे। इसके बाद ताला तोड़कर आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने चोरी के जेवर पास के एक पुराने निर्माणाधीन मकान में छिपा दिए थे। कुछ जेवर निर्माणाधीन मकान के अंदर फेंक दिए थे।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मौके से चोरी गया पूरा माल बरामद कर लिया।
दोनों आरोपी जेल भेजे गए
सीपत पुलिस ने आदित्य कुमार लहरे और जावेद अली को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। कार्रवाई में थाना सीपत पुलिस और एसीसीयू बिलासपुर की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए शत-प्रतिशत मशरूका बरामद करने वाली टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।