


बिलासपुर। शहर में स्मार्ट मीटर, बढ़े हुए बिजली के दाम, गलत बिजली बिल और लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती के विरोध में कांग्रेस ने जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी और जिला शहर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में कांग्रेस कार्यकर्ता वार्डों और गलियों में घर-घर पहुंचकर आमजन और व्यापारियों से बिजली व्यवस्था को लेकर उनकी शिकायतें सुन रहे हैं। इस दौरान शिकायत फॉर्म भी भरवाए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में शुक्रवार को विद्या विनोबा नगर, क्रांति नगर, शेष कॉलोनी, डिपुपारा और लिंक रोड क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घर-घर संपर्क किया। लोगों से स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिल को लेकर जानकारी ली गई। साथ ही गलत बिजली बिलों में संशोधन कराने, अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगाने और पूर्ववर्ती भूपेश बघेल सरकार के कार्यकाल में लागू 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना को पुनः शुरू करने की मांग को लेकर शिकायतें दर्ज कराई गईं।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बिजली के बढ़े हुए बिल और बार-बार हो रही बिजली कटौती से शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ता भी परेशान हैं। आम लोगों और व्यापारियों को हो रही परेशानी को सीधे समझने के लिए कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर घर-घर पहुंच रहे हैं। अभियान के दौरान उपभोक्ताओं से प्राप्त शिकायतों को संकलित कर विद्युत व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को सरकार और संबंधित विभाग के समक्ष उठाने की बात कही गई।
अभियान में जिला शहर कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष रविंद्र सिंह, ब्लॉक उपाध्यक्ष प्रशांत पांडेय, दिलीप साहू, संजय दवे, राहुल दुबे, संगीत मोईत्रा, राघवेंद्र सिंह, सदीप मिश्रा, बब्लू केसरवानी, केशव गोरख, पीयूष अग्रवाल, संजय साहू, विजय तिवारी, हनु शर्मा, गुड्डू चंदेल, छोटू बर्डे, विजय दुबे, राजेश साहू, विक्की नानवानी, प्रशांत परिहार, श्रीमती सुषमा साहू, स्मिता मोईत्रा, ममता पांडेय, मृत्युंजय तिवारी, ओम शर्मा, संतोष चौहान, राजेंद्र विष्ट, अजय गोस्वामी, राज चौहान, नरेंद्र सिंह, जावेद खान, सन्नी चौहान, उदय गंगवानी, मो. शकील, राजा यादव, यश सिंह, पप्पू विष्ट सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।



