Latest news

ओम त्रिपाठी बने तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के संभागीय अध्यक्ष, 24 पदों पर कार्यकारिणी घोषित

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

नंदकुमार बंजारे वरिष्ठ संभागीय उपाध्यक्ष नियुक्त; 30 सितंबर को कर्मचारियों के मुद्दों को लेकर संभागीय मुख्यालयों में धरना-रैली का ऐलान

बिलासपुर, 13 अगस्त। छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ ने बिलासपुर संभाग की नई कार्यकारिणी घोषित कर दी है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष पवन कुमार शर्मा ने संघ की नियमावली और बिलासपुर संभाग के सभी जिला अध्यक्षों से विचार-विमर्श के बाद प्रशिक्षण अधिकारी ओम त्रिपाठी को संभागीय अध्यक्ष और नंदकुमार बंजारे को वरिष्ठ संभागीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके साथ ही कुल 24 संभागीय पदों पर पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
संघ के बिलासपुर जिला शाखा अध्यक्ष किशोर शर्मा ने बताया कि नई कार्यकारिणी में संभागीय अध्यक्ष के एक, वरिष्ठ संभागीय उपाध्यक्ष के एक, संभागीय उपाध्यक्ष के आठ, संभागीय सचिव के एक, संभागीय कोषाध्यक्ष के एक, संभागीय प्रवक्ता के छह तथा संभागीय संयुक्त सचिव के पद शामिल हैं। इन सभी पदों पर नियुक्तियां की गई हैं।
कर्मचारी हितों के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने की बात
नवनियुक्त संभागीय अध्यक्ष ओम त्रिपाठी ने नियुक्ति के बाद कहा कि राज्य के कर्मचारियों के हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर संघ लगातार संघर्ष करेगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को मोदी गारंटी के अनुसार केंद्र के समान महंगाई भत्ता सहित कर्मचारी हितों से जुड़े अन्य मुद्दों को लेकर संघ ने आंदोलन की तैयारी की है।
उन्होंने बताया कि 30 सितंबर 2026 को प्रदेश के सभी संभागीय मुख्यालयों में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन और रैली आयोजित की जाएगी। इसके बाद मुख्य सचिव और मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
त्रिपाठी ने कहा कि बिलासपुर संभाग में प्रस्तावित कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संभाग के सभी जिलों के जिला अध्यक्षों के साथ समन्वय किया जाएगा। उन्होंने कर्मचारी हितों से जुड़े मुद्दों पर आगे भी लगातार संघर्ष करने की बात कही।
प्रदेश और जिला पदाधिकारियों ने किया स्वागत
संभागीय अध्यक्ष के रूप में ओम त्रिपाठी की नियुक्ति की घोषणा के बाद संघ के प्रदेश और जिला पदाधिकारियों ने छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के जिला शाखा बिलासपुर कार्यालय में उनका फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने नियुक्ति पर खुशी जताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर संघ के प्रदेश अध्यक्ष पवन कुमार शर्मा, प्रदेश समन्वयक जीआर चंद्रा, प्रदेश महामंत्री हिमाचल साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल सिंह ठाकुर, जिला शाखा अध्यक्ष किशोर शर्मा, सचिव दुर्गेश साहू, जिला संरक्षक रामकुमार यादव, पूर्व उपाध्यक्ष राजीव कस्तूरे, प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य प्रकाश शर्मा और एल. महेश्वर राव सहित कर्मचारी साथी मौजूद रहे।
इसके अलावा चंद्र कुमार यादव, राजीव देवांगन, प्रवीण यादव, विजय आजाद, अनुराग कुमार तिवारी, संजय राज सहित अन्य कर्मचारियों ने भी नवनियुक्त संभागीय अध्यक्ष का स्वागत कर बधाई दी।
नई संभागीय कार्यकारिणी के गठन के साथ संघ ने आगामी 30 सितंबर के संभागीय धरना-प्रदर्शन और रैली को लेकर संगठनात्मक स्तर पर तैयारियां शुरू करने की बात कही है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।