हुगली में हुई नेशनल कराते प्रतियोगिता में देशभर से 3000 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा, छत्तीसगढ़ के 11 खिलाड़ियों ने जीते पदक
बिलासपुर। पश्चिम बंगाल के चिन्सुरह, हुगली में 7 से 9 अगस्त तक आयोजित नेशनल कराते प्रतियोगिता में बिलासपुर की खिलाड़ी इच्छा नेताम ने बालिका वर्ग की 17 वर्ष आयु कैटेगरी में कांस्य पदक जीतकर शहर का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों से करीब 3000 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का आयोजन कराते एसोसिएशन ऑफ इंडिया (KAI) के तत्वावधान में किया गया।



इच्छा की इस उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ योग आयोग के पूर्व सदस्य रविंद्र सिंह ने उन्हें मिठाई खिलाकर सम्मानित किया और आशीर्वाद देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान बिलासपुर कराते एकेडमी के पदाधिकारी, प्रशिक्षक और खेल से जुड़े लोगों ने भी इच्छा नेताम की उपलब्धि पर बधाई दी।
छत्तीसगढ़ के 52 खिलाड़ियों ने दिखाया दम
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ से 52 खिलाड़ियों का दल शामिल हुआ। खिलाड़ियों ने अलग-अलग आयु एवं वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रदेश के कुल 11 खिलाड़ियों ने पदक हासिल किए। इनमें एक स्वर्ण, तीन रजत और सात कांस्य पदक शामिल हैं।
प्रदेश के खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर कराते एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष सुशील चंद्र और कराते एसोसिएशन ऑफ इंडिया (KAI) के कोषाध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ कराते एसोसिएशन के महासचिव अविनाश शेट्टी ने सभी पदक विजेताओं को शुभकामनाएं दीं।
बिलासपुर के तीन रेफरी ने भी निभाई जिम्मेदारी
प्रतियोगिता में बिलासपुर से तीन निर्णायकों ने भी ऑफिशियल के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाई। इनमें अशोक वर्मा, प्रतीक सोनी और ठाकुर कर्ण सिंह शामिल रहे। प्रतियोगिता के दौरान निर्णायक की भूमिका निभाने पर उन्हें आयोजकों की ओर से स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कराते एकेडमी से जुड़े पदाधिकारियों ने दी बधाई
इच्छा नेताम की उपलब्धि के अवसर पर बिलासपुर कराते एकेडमी के अध्यक्ष ठाकुर कर्ण सिंह, सचिव शिवानी बुधौलिया, प्रशांत पांडे, संगीत मोइत्रा, बबलू केसरवानी, पूनम चंद कौशिक, सिमरन सिंह अरोरा और राज चौहान सहित खेल से जुड़े लोगों ने उन्हें बधाई दी।
राष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक जीतने वाली इच्छा नेताम को सम्मानित करते हुए रविंद्र सिंह ने उनके बेहतर भविष्य की कामना की। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों के पदक प्रदर्शन और बिलासपुर के निर्णायकों की सहभागिता से जिले के कराते खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह है।



