Latest news

विकास को राजधानी से न्यायधानी तक लाने की बड़ी चुनौती, अरपा मैली…. बढ़ते अपराध पर भी जमकर गरजे सुशांत

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
10 Min Read

बेलतरा को खूबसूरत और व्यवस्थित बनाने का विजन, अरपा प्रदूषण पर नगर निगम की इंजीनियरिंग व्यवस्था पर तंज; बढ़ते अपराध पर बोले—नशा सबसे बड़ी वजह, समाज की भी बड़ी जिम्मेदारी

मोहम्मद इसराइल


बिलासपुर। बिलासपुर प्रेस क्लब के लोकप्रिय संवाद कार्यक्रम “हमर पहुना” में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने अपने राजनीतिक सफर से लेकर बेलतरा के विकास, शहर की व्यवस्थाओं, अरपा नदी के प्रदूषण, अवैध बसाहट, खेल सुविधाओं, शिक्षा-स्वास्थ्य और बढ़ते अपराध जैसे मुद्दों पर बेबाकी से अपनी बात रखी। पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए विधायक ने अपने राजनीतिक संस्कारों का श्रेय स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव को दिया और कहा कि वे “दिलीप सिंह जूदेव की पाठशाला के विद्यार्थी” हैं।
कार्यक्रम में विकास को लेकर विधायक ने कहा कि राजधानी से न्यायधानी तक विकास की गति और योजनाओं को पहुंचाना बड़ी चुनौती है। उनका विजन बेलतरा को सिर्फ मूलभूत सुविधाओं से युक्त क्षेत्र बनाना नहीं, बल्कि इसे व्यवस्थित, खूबसूरत और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित करना है।
सवाल: आपके राजनीतिक संस्कार और राजनीति में आने की प्रेरणा कहां से मिली?
विधायक सुशांत शुक्ला: मैं स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव की पाठशाला का विद्यार्थी हूं। उनसे राजनीति और सार्वजनिक जीवन के कई महत्वपूर्ण संस्कार सीखने का अवसर मिला। जूदेव जी से मैंने विशेष रूप से दो बातें सीखीं—व्यावहारिक संबंधों को निभाना और अपने विचारों के प्रति प्रतिबद्ध रहना। राजनीति केवल पद हासिल करने या चुनाव जीतने तक सीमित नहीं है। लोगों से जुड़ना, उनके साथ संबंध बनाना और उन रिश्तों को लंबे समय तक निभाना भी राजनीति और सार्वजनिक जीवन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
सवाल: आपके परिवार की राजनीतिक पृष्ठभूमि को आप किस तरह देखते हैं?
विधायक: मैं अपने परिवार की चौथी पीढ़ी हूं, जिसे समाज और क्षेत्र की सेवा की जिम्मेदारी मिली है। मेरे दादा, परदादा और माता-पिता ने संघ और पार्टी से निस्वार्थ रूप से जुड़कर सेवा की। परिवार ने इसके बदले कुछ पाने की अपेक्षा नहीं रखी, बल्कि हमेशा देने का काम किया। आज मुझे भी समाज और अपने क्षेत्र की सेवा करने का अवसर मिला है।
मेरी पत्नी गृहणी हैं। मेरे भाई अपने-अपने कार्यक्षेत्र में बाहर रहते हैं। परिवार के अधिकांश सदस्य नौकरी और सेवा के क्षेत्र में हैं। मेरे दामाद भारत सरकार में सेवा दे रहे हैं। हमारे परिवार की सोच हमेशा सेवा को प्राथमिकता देने की रही है और यही संस्कार मुझे विरासत में मिले हैं।
सवाल: बेलतरा के विकास को लेकर आपका विजन क्या है?
विधायक: मैं बेलतरा विधानसभा क्षेत्र को व्यवस्थित और विकसित देखना चाहता हूं। इसके लिए केवल सड़क बनाना ही पर्याप्त नहीं है। सड़क के साथ नाली, पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं मजबूत करनी होंगी। इसके साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल के क्षेत्र में बेहतर अधोसंरचना विकसित करना भी जरूरी है।
बेलतरा में आबादी लगातार बढ़ रही है। नई बसाहट और बढ़ते शहरीकरण के कारण जल निकासी, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं पर लगातार दबाव बढ़ रहा है। इसलिए विकास की योजनाएं केवल आज की जरूरतों को ध्यान में रखकर नहीं बनाई जा सकतीं। आने वाले वर्षों की आबादी और जरूरतों को ध्यान में रखकर इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करना होगा।
सवाल: परिसीमन के बाद जुड़े गांव और वार्डों की सबसे बड़ी चुनौती क्या है?
विधायक: नगर निगम परिसीमन के बाद जुड़े वार्ड और गांव मेरे क्षेत्र के लिए अवैध बसाहट की बड़ी चुनौती बन गए हैं। तेजी से बढ़ती आबादी के कारण सड़क, नाली, पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं पर दबाव बढ़ा है।
इस समय हमारी प्राथमिकता ऐसे क्षेत्रों में सड़क निर्माण के साथ पानी की निकासी के लिए नालियां और दूसरी जरूरी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। जब बसाहट बढ़ती है और उसके अनुरूप प्लानिंग नहीं होती, तो बाद में समस्याओं का समाधान करना ज्यादा कठिन हो जाता है।
सवाल: बेलतरा में कितने विकास कार्य चल रहे हैं?
विधायक: बेलतरा क्षेत्र में 300 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य प्रारंभ हो चुके हैं। इसके अलावा लगभग इतनी ही राशि के अन्य विकास कार्य स्वीकृति की प्रक्रिया में हैं। हमारा प्रयास है कि क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत किया जाए और विकास की गति को लगातार तेज किया जाए।
सवाल: अरपा नदी का प्रदूषण लगातार बड़ा मुद्दा बना हुआ है। इसे लेकर आपकी क्या राय है?
विधायक: अरपा को बचाने के लिए केवल नदी की सफाई करने से काम नहीं चलेगा। सबसे पहले यह देखना होगा कि शहर का गंदा पानी और नालों का पानी नदी तक पहुंच ही क्यों रहा है।
नगर निगम की इंजीनियरिंग व्यवस्था पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि “बिलासपुर नगर निगम के इंजीनियरों का नागरिक अभिनंदन होना चाहिए, जिन्होंने बिलासपुर के नालों का पानी अरपा नदी तक पहुंचा दिया।”
विधायक ने स्पष्ट किया कि नदी को प्रदूषण से बचाने के लिए नालियों और गंदे पानी की निकासी की उचित व्यवस्था जरूरी है। जब तक नालों का पानी अरपा में पहुंचना बंद नहीं होगा, तब तक नदी को प्रदूषण से स्थायी रूप से मुक्त नहीं किया जा सकता।
सवाल: शहर में बढ़ते अपराध को आप किस नजर से देखते हैं?
विधायक: बढ़ते अपराध के पीछे नशा एक बड़ी वजह है। नशे को रोकना केवल पुलिस या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं हो सकती। समाज की भी इसमें बड़ी भूमिका और जिम्मेदारी है। परिवार, समाज और प्रशासन सभी को मिलकर नशे के खिलाफ काम करना होगा।
युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए उन्हें बेहतर वातावरण, खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है। केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई करने से समस्या पूरी तरह खत्म नहीं होगी। अपराध की जड़ तक पहुंचकर उसके कारणों पर काम करना होगा।
सवाल: युवाओं के लिए खेल सुविधाओं को लेकर क्या प्रयास हो रहे हैं?
विधायक: युवाओं को खेल के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है। बहतराई खेल परिसर में लगभग 70 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य किए जा रहे हैं। इसमें स्विमिंग पूल, बैडमिंटन कोर्ट, हॉर्स राइडिंग सहित कई खेल सुविधाओं के विस्तार का काम शामिल है।
युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने के लिए बेहतर अधोसंरचना मिलेगी तो उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलेगा। खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है।
सवाल: शिक्षा और स्वास्थ्य को लेकर आपकी प्राथमिकताएं क्या हैं?
विधायक: क्षेत्र के समग्र विकास के लिए शिक्षा और स्वास्थ्य की सुविधाओं को मजबूत करना जरूरी है। सड़क, पानी, बिजली और नाली जैसी मूलभूत सुविधाओं के साथ स्कूल, स्वास्थ्य सुविधाएं और खेल अधोसंरचना भी किसी क्षेत्र के विकास का हिस्सा हैं। हमारा प्रयास है कि बेलतरा में विकास का दायरा केवल निर्माण कार्यों तक सीमित न रहे, बल्कि लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने वाली सभी जरूरी सुविधाओं तक पहुंचे।
सवाल: बिलासपुर प्रेस क्लब की भूमिका को आप किस तरह देखते हैं?
विधायक: बिलासपुर प्रेस क्लब सर्वदलीय आवाज का मंच है, जहां सभी राजनीतिक दल एक बैनर के नीचे एक साथ खड़े होते हैं। विचारधाराओं में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन जनहित के मुद्दों पर संवाद और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सभी को एक मंच पर आना चाहिए।
पत्रकारिता समाज और जनप्रतिनिधियों के बीच संवाद की महत्वपूर्ण कड़ी है। “हमर पहुना” जैसे कार्यक्रम इसी संवाद को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम हैं।
प्रेस क्लब ने किया विधायक का सम्मान
“हमर पहुना” कार्यक्रम में अतिथि के रूप में पहुंचे बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला का बिलासपुर प्रेस क्लब कार्यकारिणी ने आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया। प्रेस क्लब अध्यक्ष अजित मिश्रा, उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी, सचिव संदीप करिहार, कोषाध्यक्ष किशोर कुमार सिंह, सह-सचिव हरिकिशन गंगवानी एवं कार्यकारिणी सदस्य कैलाश यादव ने विधायक को शाल एवं श्रीफल भेंट कर अभिनंदन किया।

Newsdawncg.com के वीडियो जर्नलिस्ट एमडी अयाज ने की मुलाकात।

वरिष्ठ पत्रकार सैयद जफर ने  विधायक सुशांत शुक्ला का किया स्वागत

इस अवसर पर विधायक सुशांत शुक्ला ने सभी पत्रकारों को हरेली पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रेस क्लब को लोकतांत्रिक संवाद का महत्वपूर्ण मंच बताते हुए कहा कि अलग-अलग राजनीतिक विचारधाराओं के बावजूद जनहित के मुद्दों पर संवाद जारी रहना चाहिए।
कार्यक्रम में विधायक ने अपने राजनीतिक सफर, पारिवारिक संस्कारों, बेलतरा के विकास की योजनाओं और बिलासपुर से जुड़े प्रमुख नागरिक मुद्दों पर पत्रकारों के सवालों का जवाब दिया। संवाद के दौरान विकास, अवैध बसाहट, जल निकासी, अरपा प्रदूषण, अपराध, नशा, खेल, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मुद्दे प्रमुखता से सामने आए।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।