बिलासपुर | राष्ट्रीय जनगणना 2026-27 के कार्य में लगे नगर निगम क्षेत्र के अधिकारियों और कर्मचारियों को अब तक मानदेय का भुगतान नहीं होने से नाराजगी बढ़ने लगी है। इस मुद्दे को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ, जिला शाखा बिलासपुर ने गुरुवार को कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र भुगतान की मांग की।
संघ के जिला अध्यक्ष किशोर शर्मा ने बताया कि जनगणना कार्य के लिए नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। शासन ने इस कार्य के लिए मानदेय का प्रावधान भी किया है, लेकिन शहरी क्षेत्र में कार्य करने वाले कर्मचारियों को अब तक भुगतान नहीं मिला है।
उन्होंने कहा कि उपलब्ध जानकारी के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में जनगणना कार्य से जुड़े कर्मचारियों को मानदेय का भुगतान किया जा चुका है, जबकि नगरीय क्षेत्र के कर्मचारी अब भी भुगतान का इंतजार कर रहे हैं। इससे कर्मचारियों में असंतोष और नाराजगी का माहौल है।
संघ के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर और नगर निगम के अपर आयुक्त से मुलाकात कर मामले पर चर्चा की। अधिकारियों ने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि नगरीय क्षेत्र के जनगणना कर्मियों के मानदेय भुगतान की प्रक्रिया जल्द पूरी कराई जाएगी।
संघ ने चेतावनी दी कि यदि भुगतान में अनावश्यक देरी होती है तो कर्मचारियों की नाराजगी और बढ़ सकती है। फिलहाल प्रशासन की ओर से शीघ्र भुगतान का आश्वासन मिलने के बाद कर्मचारी आदेश का इंतजार कर रहे हैं।



