रतनपुर में सोती बच्ची की इलाज के दौरान मौत, नेहरू नगर के साप्ताहिक बाजार में करेला खरीद रहे युवक को सांप ने डसा… दोनों घटनाओं ने बढ़ाई चिंता
बिलासपुर। बारिश के मौसम में जहरीले सांपों की बढ़ती गतिविधियों ने बिलासपुर जिले में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। एक ओर रतनपुर क्षेत्र में देर रात घर में घुसे जहरीले करैत ने सो रही नौ वर्षीय मासूम बच्ची को डस लिया, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं दूसरी ओर शहर के नेहरू नगर स्थित साप्ताहिक बाजार में खरीदारी के दौरान एक युवक को सांप ने डस लिया। दोनों घटनाएं कुछ ही घंटों के अंतराल में सामने आने से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में लोगों के बीच भय का माहौल है।
रात ढाई बजे घर में घुसा करैत, सोती मासूम को बनाया शिकार
रतनपुर थाना क्षेत्र के खसरियापारा में सोमवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली 9 वर्षीय शालनी अघरिया अपने परिवार के साथ घर में सो रही थी। रात करीब 2:30 बजे एक जहरीला करैत सांप घर में घुस आया और सो रही बच्ची के हाथ की उंगली पर डस लिया।
कुछ देर बाद परिजनों की नजर सांप पर पड़ी तो घर में अफरा-तफरी मच गई। बच्ची के हाथ पर सांप के काटने का निशान दिखाई देने पर परिजन उसे तत्काल रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।
सिम्स रेफर, लेकिन नहीं बच सकी जान
प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची की हालत लगातार बिगड़ती देख डॉक्टरों ने उसे बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर कर दिया। सिम्स में चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे बच्ची ने दम तोड़ दिया। मासूम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
साप्ताहिक बाजार में भी निकला सांप, खरीदारी कर रहे युवक को डसा
इधर बिलासपुर शहर के नेहरू नगर स्थित गणेश चौक में लगने वाले साप्ताहिक बाजार में भी सांप निकलने से अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाजार में करेला खरीद रहे एक युवक को अचानक सांप ने डस लिया।
घटना के बाद बाजार में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल युवक को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
बारिश के मौसम में बढ़ी सांपों की सक्रियता
लगातार बारिश के बीच जहरीले सांपों के रिहायशी इलाकों और भीड़भाड़ वाले स्थानों तक पहुंचने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। रतनपुर में घर के भीतर सो रही बच्ची को करैत का डसना और कुछ ही समय बाद शहर के व्यस्त साप्ताहिक बाजार में सांप निकलने की घटना ने यह संकेत दिया है कि मानसून के दौरान सांपों की गतिविधियां तेज हो गई हैं। एक घटना ने मासूम की जान ले ली, जबकि दूसरी घटना में युवक अस्पताल में उपचाराधीन है। दोनों मामलों ने जिले में सांपों के बढ़ते खतरे को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है।



