कॉलेज का रास्ता पूछने निकले छात्र पर हमला, पत्थर से सिर फोड़ा… सरकंडा पुलिस ने दबिश देकर लूट का पूरा सामान बरामद किया
बिलासपुर। कॉलेज का पता पूछने निकले एक युवक की मदद करना उसे भारी पड़ गया। अशोक नगर चौक के पास एक युवक ने लिफ्ट मांगी और कुछ दूर जाने के बाद अपने साथी के साथ मिलकर सुनसान इलाके में वारदात को अंजाम दे डाला। दोनों आरोपियों ने पहले युवक के साथ मारपीट की, फिर उसका मोबाइल, एयरबड्स, नकदी और मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए। सरकंडा पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटा गया पूरा सामान बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 27 जुलाई को मुंगेलीनाका निवासी सूरज कुमार श्याम (18) अपने साथी योगेश कुमार की होंडा शाइन (CG 16 CU 2410) से कॉलेज का पता करने जा रहा था। इसी दौरान अशोक नगर चौक स्थित डीएलएस कॉलेज रोड के पास एक अज्ञात युवक ने उससे लिफ्ट मांगी। युवक को बाइक पर बैठाने के बाद आरोपी लगातार आगे चलने का दबाव बनाने लगा और मना करने पर जान से मारने की धमकी देने लगा।
कुछ दूरी पर मुरूम खदान के पास आरोपी ने अपने साथी चेतन पाल को भी बाइक पर बैठा लिया। इसके बाद दोनों युवक सूरज को मुरूम खदान स्थित शिव मंदिर के पास सुनसान स्थान पर ले गए। वहां गाली-गलौज करते हुए हाथ, मुक्के, लात और पत्थर से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। हमले में सूरज के सिर में गंभीर चोट आई।
मारपीट के बाद आरोपी युवक का रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन, बोट कंपनी के एयरबड्स, ₹200 नकद और होंडा शाइन मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए। लूटे गए सामान की कुल कीमत करीब ₹9 हजार बताई गई है।
पीड़ित की शिकायत पर सरकंडा थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 1100/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने वारदात स्वीकार कर ली। उनके मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने लूटी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और एयरबड्स बरामद कर जब्त कर लिए।
गिरफ्तार आरोपी
प्रिंस राज उर्फ जानू (29), निवासी यदुनंदन नगर, तिफरा, सिरगिट्टी, बिलासपुर।
चेतन पाल (25), निवासी अशोक नगर, डीएलएस कॉलेज के पास, सरकंडा, बिलासपुर।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।



