Latest news

42 की उम्र में बिलासपुर की एंजेल चौकसे ने इंटरनेशनल मंच पर बढ़ाया मान, Mrs. India International Queen 2026 में जीता ‘Mrs. Alluring’ का खिताब

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read



कॉलेज में मिली थी ‘Miss Home Science’ की पहचान, शादी के बाद छूट गया सपना; परिवार के सहयोग से दोबारा शुरू किया सफर, 5 दिन की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में बनाया मुकाम
बिलासपुर। उम्र अगर 42 साल हो और जिम्मेदारियां परिवार की हों, तब भी सपनों की उड़ान नहीं रुकती। इसे साबित कर दिखाया है बिलासपुर की एंजेल चौकसे ने। दिल्ली के होटल लीला इंटरनेशनल में आयोजित प्रतिष्ठित Mrs. India International Queen 2026 प्रतियोगिता में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए ‘Mrs. Alluring’ का खिताब अपने नाम किया। पांच दिनों तक चली इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत के अलावा सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया, दुबई, कतर, अमेरिका (USA) और लंदन से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में एंजेल चौकसे ने अपनी सफलता को परिवार के विश्वास, सहयोग और त्याग का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि वर्षों पहले देखा गया सपना आज अंतरराष्ट्रीय मंच पर साकार हुआ है। इस उपलब्धि के लिए उन्होंने मीडिया, आयोजकों और अपने शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया।


एंजेल ने बताया कि वे बिलासपुर की रहने वाली हैं। उनके पति रितेश चौकसे, 21 वर्षीय बेटी विनस चौकसे, जो वर्तमान में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही हैं, माता-पिता और सास-ससुर के साथ संयुक्त परिवार में रहती हैं। उन्होंने कहा कि परिवार ने हर परिस्थिति में उनका साथ दिया और कभी उनके सपनों को टूटने नहीं दिया

https://www.instagram.com/reel/DbNT-c0MQUD


उन्होंने बताया कि फैशन और पर्सनैलिटी डेवलपमेंट के प्रति उनका लगाव कॉलेज के दिनों से रहा है। होम साइंस की छात्रा रहते हुए कॉलेज की ब्यूटी प्रतियोगिता में उन्हें ‘Miss Home Science’ का खिताब मिला था। उसी दौरान उन्होंने बड़े मंच पर पहचान बनाने का सपना देखा था, लेकिन शादी और पारिवारिक जिम्मेदारियों के कारण वह सपना पीछे छूट गया।

https://www.instagram.com/reel/DbNX9T9zFi1/?igsh=MXRtZGoxb3o1d3JyNQ==


करीब एक वर्ष पहले उन्होंने अपने अधूरे सपने को फिर से जीने का निर्णय लिया। 42 वर्ष की उम्र में प्रतियोगिता की तैयारी आसान नहीं थी। फिटनेस, अनुशासन और मानसिक मजबूती को चुनौती मानते हुए उन्होंने नियमित व्यायाम, संतुलित आहार, कैटवॉक, ग्रूमिंग, पब्लिक स्पीकिंग और पर्सनैलिटी डेवलपमेंट पर लगातार मेहनत की।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान प्रतिदिन सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक कैटवॉक, टैलेंट राउंड, इंट्रोडक्शन, प्रश्नोत्तर, ग्रूमिंग और पर्सनैलिटी असेसमेंट सहित कई कठिन चरण आयोजित किए गए। सभी राउंड में प्रभावशाली प्रदर्शन के दम पर उन्होंने ‘Mrs. Alluring’ का खिताब हासिल कर बिलासपुर और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया।
महिलाओं के लिए दिया खास संदेश
एंजेल चौकसे ने कहा कि उनकी सफलता उन महिलाओं के लिए प्रेरणा है, जो उम्र, शादी या पारिवारिक जिम्मेदारियों के कारण अपने सपनों को अधूरा मान लेती हैं। उनका कहना है कि यदि परिवार का सहयोग और खुद पर विश्वास हो, तो किसी भी उम्र में नई शुरुआत कर सफलता हासिल की जा सकती है।
“मैं मानती हूं कि सपनों की कोई उम्र नहीं होती। अगर परिवार का साथ और खुद पर भरोसा हो तो हर महिला अपने जीवन का नया अध्याय लिख सकती है। यह सम्मान सिर्फ मेरा नहीं, मेरे पूरे परिवार और बिलासपुर का है।”
— एंजेल चौकसे

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।