


निवास कार्यालय में अलग-अलग विकास समितियों के साथ बैठकें, स्कूलों की गुणवत्ता, सड़क, पेयजल, स्वच्छता और आधारभूत सुविधाओं को लेकर हुई विस्तृत चर्चा
बिलासपुर। शहर के विकास को जनभागीदारी से जोड़ने की कवायद के तहत विधायक अमर अग्रवाल ने शुक्रवार को अपने निवास कार्यालय में शाला विकास समिति और विभिन्न मोहल्ला विकास समितियों के प्रतिनिधियों के साथ सिलसिलेवार बैठकें कीं। बैठकों में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने से लेकर मोहल्लों की मूलभूत सुविधाओं तक हर अहम मुद्दे पर विस्तार से चर्चा हुई। समिति सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और विकास संबंधी सुझाव रखे, जिन पर विधायक ने प्राथमिकता के साथ कार्ययोजना तैयार करने का भरोसा दिलाया।
बैठक की शुरुआत शाला विकास समिति के साथ हुई। इस दौरान विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने, विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराने, आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने और स्कूलों के समग्र विकास से जुड़े विषयों पर विस्तृत मंथन किया गया। समिति सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों पर गंभीरता से चर्चा करते हुए उन्हें आगामी विकास योजनाओं में शामिल करने की बात कही गई।
इसके बाद पश्चिमी एवं दक्षिण मोहल्ला विकास समिति, मध्य एवं पूर्वी मोहल्ला विकास समिति तथा रेलवे मंडल एवं उत्तर मंडल मोहल्ला विकास समिति के सदस्यों के साथ अलग-अलग बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में सड़क, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, आधारभूत संरचना और नागरिक सुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की आवश्यकताओं और समस्याओं से विधायक को अवगत कराते हुए विकास कार्यों को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।
विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि किसी भी शहर का स्थायी और संतुलित विकास तभी संभव है, जब उसमें नागरिकों की सक्रिय भागीदारी हो। विकास समितियों के सुझावों को योजनाओं का आधार बनाकर कार्यों को अधिक प्रभावी, व्यवस्थित और तेज गति से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के साथ-साथ प्रत्येक वार्ड में बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और सभी के सहयोग से बिलासपुर को अधिक विकसित, व्यवस्थित और सुविधासंपन्न शहर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।



