,विधायक सुशांत शुक्ला की मांग पर उपमुख्यमंत्री ने दी मंगला में जल आवर्धन योजना,1 करोड़ का सामुदायिक भवन, 50 लाख की मुक्तिधाम बौउंड्रीवाल,गड्डा बाजार को धुरीपारा में सुव्यवस्थित सहित कई बड़ी सौगातें











बिलासपुर, 1 जुलाई 2026।बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के मंगला स्थित माता चौरा में बुधवार को आयोजित भव्य समारोह में विकास का नया इतिहास रचा गया। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू एवं छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने लगभग ₹10 करोड़ की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। कार्यक्रम में बेलतरा विधायक श्री सुशांत शुक्ला, छत्तीसगढ़ पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष श्री राजा पांडेय, महापौर श्रीमती पूजा विधानी तथा जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
समारोह में नगर पालिक निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में आरसीसी सड़क, आरसीसी नाली, मंच-शेड, सामुदायिक भवन एवं अन्य आधारभूत विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया। इनमें यादव समाज के लिए ₹25 लाख की लागत से सामुदायिक भवन, बहतराई स्टेडियम में ₹3.62 करोड़ की लागत से बालक छात्रावास (बॉयज़ हॉस्टल), बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के नगर निगम अंतर्गत विभिन्न वार्डों में ₹7 करोड़ 49 लाख 84 हजार की लागत से सड़क, नाली, मंच-शेड एवं सामुदायिक भवन निर्माण तथा तखतपुर विधानसभा क्षेत्र में ₹1 करोड़ 93 लाख की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विकास कार्य शामिल हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार विकास को जनसेवा का माध्यम मानकर कार्य कर रही है। अब केवल भूमिपूजन नहीं, बल्कि निर्धारित समय-सीमा में विकास कार्यों का लोकार्पण सुनिश्चित करना सरकार की नई कार्य संस्कृति बन चुकी है। उन्होंने कहा कि सड़क, रेल, पेयजल, आवास एवं शहरी विकास के क्षेत्र में बिलासपुर लगातार नई उपलब्धियाँ हासिल कर रहा है।
उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। पिछले दो वर्षों में बिलासपुर नगर निगम को ₹437 करोड़ की राशि उपलब्ध कराई गई है, जिससे शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने विधायक श्री सुशांत शुक्ला की मांग पर मंगला मुक्तिधाम के विकास के लिए ₹50 लाख तथा सामुदायिक भवन निर्माण के लिए ₹1 करोड़ की घोषणा की। साथ ही मंगला क्षेत्र की वर्षों पुरानी पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए जल आवर्धन योजना को जिसकी लागत लगभग 10 करोड़ रुपये एवं इसके अतिरिक्त मंगला स्थित गड्डा बाजार को सुव्यवस्थित रूप से धुरीपारा में प्रतिस्थापित करने की सहमति भी मंच से दी। इन महत्वपूर्ण घोषणाओं का उपस्थित नागरिकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।
बेलतरा विधायक श्री सुशांत शुक्ला ने कहा कि बेलतरा विधानसभा में अब तक ₹1,000 करोड़ से अधिक के विकास कार्य स्वीकृत एवं संचालित हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा का प्रत्येक गांव और प्रत्येक वार्ड विकास की मुख्यधारा से जुड़े, यही उनका संकल्प है। सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, सामुदायिक भवन एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है और उसी विश्वास के साथ विकास कार्यों की यह श्रृंखला निरंतर जारी रहेगी।
कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों ने विश्वास व्यक्त किया कि इन विकास कार्यों एवं नई घोषणाओं से मंगला सहित आसपास के क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाएं सुदृढ़ होंगी, पेयजल व्यवस्था बेहतर होगी तथा क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।
इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश सर्वे, श्री दीपक सिंह, श्री मोहित जायसवाल, पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. सोमनाथ यादव, श्री प्रणव शर्मा, डॉ. तिलक राम साहू, मंडल अध्यक्ष श्री मोनू रत्नाकर, श्री संतोष दुबे, श्री हरिओम कश्यप, श्री शैलेष गोरख, श्री रमेश पटेल, श्री हेमंत मरकाम,रेखा सुर्यवंशी, रुपाली गुप्ता , पेशीराम जायसवाल,श्री जय वाधवानी, श्री प्रितेश सोनी, श्री त्रिदेव रजक, श्री कमल पटेल ,सलामुद्दीन ,विजय यादव, विवेक सैनी, शैलेष देवांगन,आयुष यादव ,सुजीत यादव,सहित भाजपा के प्रदेश, जिला एवं मंडल पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।



