

बिलासपुर | भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी ने लोकसभा में पारित लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक, 2026 का स्वागत करते हुए इसे युवाओं के भविष्य की सुरक्षा और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ा कदम बताया है। उन्होंने कहा कि यह कानून प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, नकल और संगठित परीक्षा अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
विभा अवस्थी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार युवाओं के हितों की रक्षा के लिए लगातार ठोस निर्णय ले रही है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में वर्षों की मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय स्वीकार नहीं किया जा सकता। ऐसे में परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने के लिए यह संशोधन आवश्यक था।
उन्होंने कहा कि संशोधित विधेयक में परीक्षा संबंधी अपराधों के लिए कड़े दंड का प्रावधान किया गया है। इससे पेपर लीक और नकल माफिया सहित परीक्षा में अनियमितताओं से जुड़े गिरोहों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई संभव होगी। साथ ही परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसियों और सेवा प्रदाताओं की जवाबदेही भी बढ़ेगी, जिससे पूरी व्यवस्था अधिक उत्तरदायी बनेगी।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रियंका गिरी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक योग्य और मेहनती युवा को निष्पक्ष अवसर उपलब्ध कराना है। नई शिक्षा नीति, कौशल विकास, डिजिटल पारदर्शिता और रोजगार के अवसरों के विस्तार के साथ परीक्षा प्रणाली को भी सुरक्षित और पारदर्शी बनाने की दिशा में यह संशोधन महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे अहम है। इसलिए उनकी मेहनत और प्रतिभा की रक्षा करना सरकार की प्राथमिकता है। यह संशोधन विधेयक परीक्षा संबंधी अनियमितताओं पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए ईमानदार और प्रतिभाशाली युवाओं के हितों की रक्षा करेगा।



