Latest news

विश्व आदिवासी दिवस पर बिलासपुर में निकलेगी विशाल पारंपरिक रैली, हजारों लोगों के जुटने की तैयारी

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
2 Min Read

9 अगस्त को छात्रावास जरहाभाठा से शुरू होगा आयोजन, देव पूजन, संगोष्ठी और शहर के प्रमुख मार्गों से निकलेगी शोभायात्रा
बिलासपुर। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर 9 अगस्त को बिलासपुर में पारंपरिक संस्कृति और आदिवासी अस्मिता का बड़ा आयोजन होगा। सर्व आदिवासी समाज छत्तीसगढ़ और अनुसूचित जनजाति कर्मचारी संघ के नेतृत्व में जिला मुख्यालय स्थित अनुसूचित जनजाति एवं अनुसूचित जाति छात्रावास, जरहाभाठा में संगोष्ठी और विशाल रैली आयोजित की जाएगी। आयोजन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन को सूचना देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है।


आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे देव पूजन के साथ होगी। इसके बाद छात्रावास परिसर में संगोष्ठी आयोजित की जाएगी, जिसमें समाज के विभिन्न मुद्दों और परंपराओं पर चर्चा होगी। संगोष्ठी के बाद हजारों की संख्या में समाज के लोग पारंपरिक वेशभूषा में बाजे-गाजे और आतिशबाजी के साथ विशाल रैली निकालेंगे।
रैली अनुसूचित जनजाति एवं अनुसूचित जाति छात्रावास, जरहाभाठा से शुरू होकर इंदु चौक, अग्रसेन चौक, पुराना बस स्टैंड, तेलीपारा, गोल बाजार और नेहरू चौक होते हुए पुनः छात्रावास परिसर में पहुंचेगी, जहां कार्यक्रम का समापन होगा।
आयोजन समिति ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी विश्व आदिवासी दिवस को पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया जाएगा। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समाज के लोगों के शामिल होने की संभावना है।
आयोजन की जानकारी देते हुए सर्व आदिवासी समाज के जिला पदाधिकारियों ने कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) तथा सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग को औपचारिक सूचना भेजी है, ताकि रैली के दौरान सुरक्षा, यातायात और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जा सकें।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य आदिवासी समाज की सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक पहचान और सामाजिक एकजुटता को प्रदर्शित करना है। इस अवसर पर जिलेभर से समाज के प्रतिनिधि, कर्मचारी, युवा, महिलाएं और विभिन्न संगठनों के सदस्य शामिल होंगे।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।